
UP: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी मां के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी बेटे ने अपनी मां को मृतक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद उसने हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अनिल यादव ने अपने एक नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद दोनों ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन आखिरकार पुलिस ने CCTV फुटेज और लूटे गए आईफोन की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध
DCP साउथ Amit Kumar Anand ने बताया कि मृतक सूरज और आरोपी की मां के बीच पिछले करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे। करीब दो महीने पहले अनिल यादव ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद उसने कई बार सूरज को घर आने से मना किया और चेतावनी भी दी, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने सूरज को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
शराब पिलाकर सुनसान बाग में ले गया
जांच में सामने आया कि 8 मई की रात आरोपी ने पहले से पूरी योजना बना रखी थी। उसने सूरज को फोन कर शराब पीने के बहाने बुलाया और गांव के बाहर स्थित एक आम के बाग में ले गया। वहां आरोपी और उसके नाबालिग साथी ने उसे शराब पिलाई।
जब सूरज पूरी तरह नशे में हो गया तो आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे चापड़ से उस पर हमला कर दिया। सूरज ने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने ईंट और धारदार हथियार से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शादी समारोह में पहुंचा आरोपी
एसीपी कृष्णानगर Rajneesh Verma के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने अपने खून से सने कपड़े धोए और शक से बचने के लिए एक शादी समारोह में शामिल हो गया। हैरानी की बात यह रही कि अगले दिन जब पुलिस मौके पर जांच कर रही थी, तब मुख्य आरोपी भी वहीं मौजूद था और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
पुलिस ने इस हत्याकांड की जांच के दौरान करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपियों ने मृतक का आईफोन भी लूट लिया था। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की, जिसके बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।