
West Bengal New BJP CM Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल में नए युग का आगाज हो गया। सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल के नए मुख्मंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। उनके साथ 5 मंत्रियों दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निसिथ प्रमाणिक, क्षुदीराम टुडू ने भी मंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की।
सुवेंदु अधिकारी के बंगाल के सीएम पद की शपथ लेने पर उन्हें चारों तरफ से बधाईयां आ रही हैं। इस बीच, बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर उनके माता-पिता का भी रिएक्शन आया है।
पिता शिशिर अधिकारी ने जताई खुशी
सुवेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी जो खुद बंगाल की राजनीति का बड़ा नाम रहे। वे केंद्र में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। उन्होंने बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार और मिदनापुर के लोगों ने जिस बात की उम्मीद की थी, वह सच साबित हुई।
उन्होंने कहा कि विकास की दिशा में पहला कदम बेरोजगार युवाओं के लिए अवसर पैदा करना होना चाहिए। परिवार पर लगे आरोपों को लेकर शिशिर ने कहा कि वो तो ऊपर वाला देखेगा, कोर्ट है वो देखेगा। हम लोग कुछ खराब किए तो कोर्ट जाइए, जांच कराइए।
ममता बनर्जी को कहा- मूर्ख
हार स्वीकार करने से इनकार करने पर उन्होंने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए उन्हें मूर्ख कहा। शिशिर ने कहा कि वह संविधान और चुनाव आयोग का सम्मान नहीं करतीं।
‘5 सालों में सुवेंदु की जान तीन बार खतरे में पड़ी’
वहीं, सुवेंदु अधिकारी की मां गायत्री अधिकारी ने अपने बेटे को सलाह देते हुए कहा कि उन लोगों के लिए काम करना चाहिए जिन्होंने उन्हें CM बनाया है। उनके पिता ही उनकी प्रेरणा हैं, जिन्होंने सुवेंदु की उम्र में अकेले CPIM से लड़ाई लड़ी थी।
गायत्री अधिकारी ने कहा कि पिछले 5 सालों में सुवेंदु की जान तीन बार खतरे में पड़ी। जिन लोगों की वजह से उनकी जान खतरे में पड़ी, वे भी खुश रहें।
सीएम पद की शपथ लेने के बाद बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह दिन देश और पश्चिम बंगाल दोनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह PM की इच्छा थी कि नई सरकार का गठन रवींद्र जयंती के दिन हो। यही कारण है कि PM के नेतृत्व में, रवींद्रनाथ गुरु को श्रद्धांजलि देने के बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मेरा काम जोरासांको में दर्शन करने के बाद ही शुरू होगा।
सुवेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। बीजेपी ने इस बार 207 सीटों पर जीत हासिल कर राज्य में अपनी सरकार बनाई है। वहीं, 15 सालों से सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस (TMC) 80 सीटों पर ही सिमटकर रह गई।