![]()
जहानाबाद व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने लंबित मामलों के निष्पादन के लिए पहुंचे, जहां आपसी सहमति से कई विवादों का निपटारा किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार विकास कुमार ने जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ किया। आयोजन को लेकर न्यायालय परिसर में व्यापक तैयारियां की गई थीं। लोक अदालत में आपसी विवाद, बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, बिजली, बीमा, मोटर दुर्घटना और यातायात चालान से जुड़े मामलों का निष्पादन किया गया। वर्षों से लंबित कई मामलों का मौके पर निपटारा होने से लोगों ने राहत महसूस की। सरकार के निर्देश पर “यातायात चालान निष्पादन योजना-2026” लागू की गई है, जिसके तहत शमन राशि में 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है। बड़ी संख्या में चालान जमा कराने की संभावना को देखते हुए अब्दुल बारी सिद्दीकी भवन में विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का निस्तारण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार आम लोगों को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ब्रजेश कुमार ने बताया कि अब तक 2350 लंबित वादों की पहचान की गई है। इनमें से 88 मामलों में पक्षकारों द्वारा सहमति दी जा चुकी है, जबकि 500 से अधिक मामलों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए कुल 12 बेंचों का गठन किया गया है, जिसमें जहानाबाद में 8 और अरवल में 4 बेंच शामिल हैं।
Source link