किशनगंज जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत पोठिया थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की बिक्री के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
.
ये दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। शनिवार सुबह मेडिकल जांच के बाद उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरीहाट वार्ड नंबर-09 निवासी जमीरुल शाह और सज्जाद शाह के तौर पर हुई है। ये दोनों अख्तर साह के बेटे हैं।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि दोनों अपनी चाय और किराना की दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे थे।

मार्केट में कीमत लाखों रुपए में बताई
इस जानकारी के आधार पर पोठिया थाना पुलिस ने छापेमारी की और दोनों को मौके पर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से 5.97 ग्राम MDMA और 10.54 ग्राम स्मैक जैसा नशीला पदार्थ मिला है। बरामद नशीले पदार्थ की बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू
पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वे यह नशीला पदार्थ कहां से लाते थे और किन लोगों को बेचते थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।