
सोशल मीडिया और पढ़ाई की दुनिया में एक बड़ा नाम, खान सर यानी कि फैजल खान अपनी क्लास में पढ़ाई कराने के बजाय अब छात्रों को CCTV फुटेज दिखाकर उनसे आवाज उठाने की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं। वे बच्चों के सामने किताब हाथ में लेकर विद्या की कसम खाते हुए कह रहे हैं कि उनकी कोचिंग पर हुए हमले की जांच ठीक से नहीं की जा रही है। अगर ऐसा ही रहा तो खान ग्लोबल स्टडीज एक दिन बंद हो जाएगा और जिस दिन ऐसा होगा, उसके ठीक 6 महीने के अंदर कोचिंग की फीस एक-डेढ़ लाख रुपये पर पहुंच जाएगी।
क्लासरूम में पढ़ाई नहीं, CCTV फुटेज की बात
आमतौर पर खान सर की क्लास में हंसी-मजाक और गंभीर पढ़ाई का माहौल होता है, लेकिन हाल ही में उनके क्लासरूम का नजारा बिल्कुल अलग दिखा। वे छात्रों को पढ़ाते हुए नहीं, बल्कि अपने कोचिंग पर हुए हमले के CCTV फुटेज दिखाते हुए नजर आए। हाथ में किताब लेकर, विद्या की कसम खाते हुए उन्होंने छात्रों के सामने अपनी व्यथा रखी। उनका आरोप है कि उनके कोचिंग पर हुए हमले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है।
खान सर का दावा है कि उनकी कोचिंग ने शिक्षा के बाज़ार में एक ‘स्टैंडर्ड’ सेट कर रखा है। वे कहते हैं कि वे कम फीस लेते हैं, जिसे देखकर बाज़ार के बाकी कोचिंग सेंटर भी अपनी फीस कम रखने को मजबूर होते हैं। उनका कहना है, ‘अगर खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो गया, तो इसके 6 महीने के भीतर ही बाकी कोचिंग सेंटर्स अपनी फीस बढ़ाकर एक से डेढ़ लाख रुपये कर देंगे।’ खान सर का तर्क है कि वे सिर्फ पैसा कमाने के लिए नहीं, बल्कि छात्रों की मदद के लिए कम फीस का मॉडल चला रहे हैं।
‘विकास त्यागी की गिरफ्तारी क्यों नहीं?’
वीडियो में खान सर ने डिजिटल बोर्ड पर मार्कर से उन लोगों की पहचान बताई जो हमले में शामिल थे। उन्होंने विकास त्यागी और एक ‘उजली शर्ट’ वाले व्यक्ति का जिक्र करते हुए पटना पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि मामले को जानबूझकर भटकाया जा रहा है और मुख्य आरोपी अभी भी कानून की पकड़ से दूर हैं।