
Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार (31 जुलाई) को हुए आतंकी हमले में घायल दूसरे मजदूर की भी मौत हो गई है। मृतक की पहचान बोपिंदर (उम्र 28 साल) के तौर पर हुई है। हमले के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान उनकी मौत हो गई। इससे पहले दीपक रात्रे (उम्र 24 साल) की मौके पर ही मौत हो गई थी। हमले में मारे गए दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।
CM अब्दुल्ला ने किया मुआवजे का ऐलान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने X पर एक पोस्ट करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री ने कुलगाम में दो मजदूरों की कायराना हत्या की कड़ी निंदा की है और बेगुनाह लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यह जिला प्रशासन की ओर से दी जाने वाली ₹6-6 लाख की तत्काल सहायता के अलावा होगी।”
सीएम ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने शुक्रवार (31 जुलाई) रात लगभग 8:30 बजे कुलगाम के केल्लाम क्षेत्र में कायराना आतंकी हमले को अंजाम दिया। इस हमले में ईंट के भट्टे पर काम कर रहे दो निर्दोष मजदूरों को निशाना बनाया गया। आतंकियों ने कथित तौर पर धर्म पूछकर उन पर फायरिंग कर दी। वारदात के तुरंत बाद एक मजदूर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और खुफिया इनपुट के आधार पर आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।