![]()
मधेपुरा में 28 जून से 2 जुलाई तक पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के 4 लाख 64 हजार 288 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को डीएम अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई, जिसमें सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए। माइक्रोप्लान के अनुसार बूथ संचालन करें बैठक में डीएम ने कहा कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने माइक्रोप्लान के अनुसार बूथ संचालन, घर-घर सर्वे और जागरूकता अभियान को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार ने बताया कि अभियान के पहले दिन 28 जून को जिलेभर के पोलियो बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से 2 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश छूट जाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
Source link