![]()
सीतामढ़ी के चर्चित जिला पार्षद पति बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी एजाज अहमद को केरल के कोल्लम से गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस से मिली सूचना के आधार पर कोल्लम सिटी पुलिस ने कार्रवाई कर उसे पकड़ा। आरोपी वहां ड्राइवर बनकर रह रहा था। अब उसे ट्रांजिट वारंट पर बिहार लाने की प्रक्रिया की जा रही है। मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी हत्या घटना 12 सितंबर 2026 की सुबह की है। डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया-रामपट्टी इलाके में जिला पार्षद दिलखुश देवी के पति बैद्यनाथ महतो मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान पथरिया श्मशान घाट के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग कर दी। उन्हें करीब आठ गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या से पहले घर पर भी हुई थी फायरिंग बैद्यनाथ महतो के घर पर 28 अगस्त की रात भी फायरिंग हुई थी। इस घटना के बाद से ही परिवार और ग्रामीणों में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी थी। हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। मुख्यमंत्री से परिवार ने लगाई थी गुहार हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार ने बाजपट्टी विधायक रामेश्वर कुमार महतो के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। परिवार ने न्याय, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया था। कोल्लम में ड्राइवर बनकर रह रहा था आरोपी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद एजाज अहमद केरल के कोल्लम स्थित अंडामुक्कम इलाके में रह रहा था और वहां ड्राइवर का काम कर रहा था। बिहार पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोल्लम ईस्ट पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। स्थानीय स्तर पर जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसआईटी कर रही थी हत्याकांड की जांच एसपी अमित रंजन के मुताबिक, सदर डीएसपी राजीव सिंह के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। इसी जांच के दौरान आरोपी के केरल में होने की सूचना मिली। गिरफ्तारी के बाद अब उसे ट्रांजिट वारंट के जरिए बिहार लाने की प्रक्रिया की जाएगी। अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस एजाज अहमद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना में कौन-कौन शामिल था और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया।
Source link