
Bihar Pension Yojna: बिहार के लाखों पेंशनधारकों और महिलाओं के लिए नीतिगत स्तर पर एक राहत भरी खबर सामने आई है। गया में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दो बेहद महत्वपूर्ण और बड़े ऐलानों की घोषणा की है। जिससे पेंशनधारियों के साथ-साथ महिलाओं को भी समय पर आर्थिक लाभ मिल सकेगा।
अब हर महीने की 10 तारीख को आएगी पेंशन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ तौर पर घोषणा की है कि अब लाभार्थियों को अपनी सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने सभी पेंशन योजनाओं के लिए हर महीने की 10 तारीख को एक तय समय के रूप में चुना है।
पीएम मोदी और बिहार सरकार मिलकर हर महीने की 10 तारीख को सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन पहुंचाएगी ताकि व्यवस्था पारदर्शी रहे और किसी को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले इस योजना के तहत लाभार्थियों को मात्र 400 रुपये प्रति माह मिलते थे, जिसे सरकार ने अब बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दिया है, जिसका सीधा लाभ वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को मिलेगा।
बाकी बची 20 लाख बहनों को मिलेंगे 10,000 रुपये
साथ ही महिलाओं और बहनों के आर्थिक उत्थान को लेकर भी मुख्यमंत्री ने एक बड़ा अपडेट साझा किया है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने पहले ही राज्य की 1.88 करोड़ बहनों के खातों में 10,000 रुपये की किस्त जमा कर दी है। इस योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब लगभग 20 लाख और पात्र बहनों की पहचान की जा रही है और उनकी दूसरी किस्त की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अगले महीने प्रधानमंत्री या गृह मंत्री के बिहार दौरे के विशेष अवसर पर, राज्य की इन बाकी बची सभी बहनों के खातों में भी बिहार सरकार 10,000 रुपये की राशि एक साथ ट्रांसफर कर देगी। इसके अलावा, जिन्होंने तय सीमा से अधिक उत्कृष्ट कार्य किया है, उन्हें 20,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के उन सभी 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों से जल्द से जल्द आवेदन करने की अपील की है जो अब तक इस योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने लाभार्थियों को एक जरूरी सलाह भी दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई पात्र लोगों की पेंशन सिर्फ इसलिए रुक जाती है या नहीं मिल पाती क्योंकि उनका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं होता है। इसलिए सभी पेंशनभोगी समय रहते अपने बैंक खाते को आधार से अपडेट करा लें, ताकि 10 तारीख को बिना किसी रुकावट के राशि ट्रांसफर हो सके।