
Mamata Banerjee: तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने वोट लूट और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रहार किया। उन्होंने पीएम मोदी के विदेशी दौरे और मेलोडी मुद्दे पर भी तंज कसा।
ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री विदेशों में घूम रहे हैं और इटली में चॉकलेट बांट रहे हैं, जबकि असली चॉकलेट तो देश के बच्चों को मिलनी चाहिए।
पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों पर घेरा
उन्होंने आगे कहा कि बहुत ही कम समय के भीतर पेट्रोल-डीजल के दाम तीन बार बढ़ा दिए गए हैं। लगातार बढ़ते दामों से आम आदमी पर महंगाई की भारी मार पड़ी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब चारों तरफ महंगाई बढ़ रही है, तब सरकार लोगों को राहत देने के बजाय आखिर कर क्या रही है? इसी दौरान उन्होंने पीएम मोदी के विदेशी दौरों को लेकर कहा कि देश की जनता जानना चाहती है कि इन हवाई यात्राओं में आखिर कितना ईंधन फूंका गया है?
वोट लूट का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया
ममता बनर्जी ने अपने भाषण में फिर से चुनाव में हुई वोट लूट का मुद्दा उठाया। टीएमसी प्रमुख का आरोप है कि चुनाव में वोटों की खुली लूट हुई है। उनके मुताबिक, केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान काउंटिंग सेंटर के अंदर दाखिल हुए थे और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी एजेंट की तरह काम किया। उन्होंने राज्य में तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ हो रही कार्रवाई का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया।
रैलियां करने की अनुमति नहीं मिल रही- ममता बनर्जी
उनका आरोप है कि बंगाल में रैलियां और मीटिंग करने की अनुमति तक नहीं मिल रही है। टीएमसी पार्षदों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के करीब 2500 दफ्तरों को सील किया जा चुका है। बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री दिल्ली की सत्ता का जिक्र करते हुए कहती हैं कि अगर ये लोग हमारे लोगों को जेल भेजने की बात करते हैं, तो असली जेल इन लोगों को होनी चाहिए जिनका काम ही सिर्फ तोड़फोड़ का रह गया है।
TMC को देखते ही लगते हैं ‘चोर-चोर’ के नारे
इसके अलावा यह भी आरोप है कि बंगाल के लोगों को उनके खून-पसीने के बनाए आशियाने के लिए ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ममता बनर्जी के अनुसार, कुछ बाहरी गुंडे टीएमसी के कार्यकर्ताओं को देखकर ‘चोर-चोर’ के नारे लगाते हैं। स्थानीय प्रशासन की बजाय बाहरी अधिकारी आकर निर्देश दे रहे हैं।
फुटबॉल मूर्ति हटाए जाने पर भी दी प्रतिक्रिया
ममता बनर्जी ने उनके द्वारा डिजाइन की साल्ट लेक स्टेडियम में लगी फुटबॉल मूर्ति को हटाए जाने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। इसे लेकर उन्होंने गहरा दुख जाहिर किया।