Newswahni

सीवान में पेड़ से बांधकर युवक की पीट पीटकर हत्या मोबाइल चोरी के शक में घर से खींचकर निकाला बाहर घंटे तक लाठी…




सीवान में मोबाइल चोरी के शक में युवक को घर से खींचकर बाहर निकाला गया। गांव के मैदान में एक पेड़ से बांधा गया फिर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव की है। मृतक की पहचान शहजाद अली (24) के रूप में हुई है। आरोप है कि यह खौफनाक मंजर करीब दो घंटे तक चलता रहा, लेकिन न तो कोई बचाने आया और न ही पुलिस समय पर पहुंची। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक शहजाद की पत्नी मोबिना खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया, “गांव के कुछ लोग मेरे पति पर मोबाइल चोरी का झूठा आरोप लगाकर उन्हें जबरन घर से खींचकर ले गए। जब मैं पीछे-पीछे मैदान में पहुंची तो देखा कि उन्हें पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा जा रहा था।” मोबिना ने बिलखते हुए कहा, “मैंने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन लोगों ने मुझे धमकाकर भगा दिया। मेरे पति कई बार बेहोश हो गए, लेकिन वे लोग उनके चेहरे पर पानी डालकर होश में लाते और फिर से पीटना शुरू कर देते थे।” शहजाद परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद घर में कोहराम मचा है। चार मासूम बच्चे बार-बार अपनी मां से पूछ रहे हैं कि “अब्बू कब आएंगे?”, लेकिन बेबस मां के पास आंसुओं के सिवा कोई जवाब नहीं है। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप घटना के बाद जब परिजन अधमरी हालत में शहजाद को अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने बड़हरिया थाने का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का सीधा आरोप था कि अगर पुलिस को दी गई सूचना पर तत्काल कार्रवाई होती तो शहजाद की जान बच सकती थी। स्थानीय सूत्रों ने तो यहां तक दावा किया है कि घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची भी थी, लेकिन वह भीड़ के सामने मूकदर्शक बनी रही और बिना कोई कार्रवाई किए वहां से चली गई। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब गांव में चौकीदार की व्यवस्था है, तो दो घंटे तक चल रहे इस उपद्रव की भनक पुलिस को क्यों नहीं लगी? नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज इस मामले पर बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार ने कहा, “घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।”



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top