![]()
त्योहारों के मौसम में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए शेखपुरा से आनंद विहार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। ट्रेन में दिल्ली और दूसरे शहरों की ओर जाने वाले मजदूरों समेत बड़ी संख्या में यात्री सवार हुए। यात्रियों और दैनिक यात्री संघ ने रेलवे से इसे नियमित चलाने की मांग की है। साढ़े तीन घंटे रीशेड्यूल होकर पहुंची ट्रेन ट्रेन संख्या 02397/02398 को तय समय से साढ़े तीन घंटे रीशेड्यूल किया गया था। इसके बाद यह करीब साढ़े चार बजे शेखपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री घंटों स्टेशन पर बैठे रहे। ट्रेन पहुंचते ही कोच में जगह पाने के लिए यात्रियों की भीड़ जुट गई। गयाजी के रास्ते चलेगी ट्रेन रेलवे इस ट्रेन को किऊल-गयाजी रेलखंड पर गयाजी के रास्ते चला रहा है। इससे शेखपुरा, नवादा, गया, लखीसराय, जमुई, नालंदा और सासाराम समेत मगध क्षेत्र के कई जिलों के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे के तय समय के मुताबिक, ट्रेन सुबह 11:30 बजे शेखपुरा से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:40 बजे आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। रास्ते में इसका ठहराव वारिसलीगंज, नवादा, तिलैया, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और टूंडला में होगा। ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी कोच लगाए गए हैं। मजदूरों और दैनिक यात्रियों ने की नियमित परिचालन की मांग स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों में मजदूरों की संख्या अधिक थी। वे रोजगार के लिए दिल्ली और दूसरे शहरों की ओर जा रहे थे। यात्रियों ने कहा कि इस रूट पर दिल्ली के लिए ट्रेन की जरूरत है। स्पेशल ट्रेन चलने से उन्हें राहत मिली है, लेकिन इसका नियमित परिचालन होना चाहिए। दैनिक यात्री संघ के सदस्यों ने भी रेलवे से ट्रेन को नियमित चलाने की मांग की। उनका कहना है कि इस ट्रेन में हमेशा अच्छी संख्या में यात्री सफर करते हैं। नियमित परिचालन शुरू होने से शेखपुरा और आसपास के जिलों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
Source link