![]()
खगड़िया में खेती को अधिक वैज्ञानिक और लाभकारी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। अब खगड़िया की मिट्टी की उर्वरता और उसमें मौजूद पोषक तत्वों का आकलन कर सॉयल फर्टिलिटी मैप (मृदा उर्वरता मानचित्र) तैयार किया जाएगा। इससे जिले के अलग-अलग क्षेत्रों की मिट्टी की स्थिति के अनुसार उपयुक्त फसलों की पहचान करने में मदद मिलेगी। इसको लेकर जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने मंगलवार को संयुक्त कृषि भवन, परमानंदपुर स्थित जिला मिट्टी जांच प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। 12 मानकों पर की जाती है मिट्टी की जांच निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रयोगशाला में मिट्टी की जांच प्रक्रिया, नमूनों के संग्रह, जांच रिपोर्ट तैयार करने और किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानकारी ली। सहायक निदेशक (रसायन) ने बताया कि प्रयोगशाला में मिट्टी की कुल 12 मानकों पर जांच की जाती है। इनमें पीएच, ईसी, ऑर्गेनिक कार्बन, नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश, सल्फर, आयरन, बोरॉन, मैग्नीशियम, कॉपर और जिंक शामिल हैं। मृदा स्वास्थ्य कार्ड से मिलेगी उर्वरक की अनुशंसित मात्रा अधिकारियों ने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से किसानों को अलग-अलग फसलों के लिए उर्वरक की अनुशंसित मात्रा की जानकारी दी जाती है। कार्ड में चार फसलों के लिए उर्वरक की मात्रा दर्ज रहती है। इसके अलावा किसान सब्जी, खाद्यान्न, दलहन और तिलहन सहित अपनी पसंद की अन्य फसलों के लिए भी उर्वरक की अनुशंसित मात्रा जान सकते हैं। इसके लिए कार्ड पर दिए गए क्यूआर कोड को स्मार्टफोन से स्कैन कर संबंधित वेबसाइट पर जाना होगा। वहां अपनी फसल का चयन कर उर्वरक की अनुशंसित मात्रा की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश डीएम ने निर्देश दिया कि मिट्टी के नमूने प्राप्त होने से लेकर उनकी जांच पूरी करने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड तैयार करने तक की प्रक्रिया का समयबद्ध प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। इससे किसानों को निर्धारित समय पर जांच रिपोर्ट और मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने मिट्टी जांच की प्रक्रिया में तेजी लाने और अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ने पर भी जोर दिया। मिट्टी की उर्वरता के अनुसार फसल चयन में मिलेगी मदद जिलाधिकारी ने कहा कि सॉयल फर्टिलिटी मैप तैयार होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों की मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों और उसकी उर्वरता की स्थिति का पता चल सकेगा। इसके आधार पर किसानों को यह जानने में सहूलियत होगी कि उनके क्षेत्र की मिट्टी के लिए कौन-सी फसल अधिक उपयुक्त है। इससे किसान मिट्टी की जरूरत के अनुसार उर्वरकों का इस्तेमाल कर वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकेंगे। किसान पाठशाला और चौपाल के माध्यम से किया जा रहा जागरूक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि किसान पाठशाला, किसान चौपाल, किसान गोष्ठी और खेत बचाओ अभियान के माध्यम से किसानों को मिट्टी जांच और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, जिला उद्यान पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी खगड़िया एवं गोगरी, सहायक निदेशक (शस्य), प्रक्षेत्र सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
Source link