
IMD weather update: देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3-4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू (Heat Wave) चलने की चेतावनी जारी कर दी है। हालांकि, इस झुलसाती गर्मी के बीच जल्द ही मौसम के मिजाज बदलने के संकेत भी मिले है, जो राहत की खबर है।
दिल्ली-NCR में कब मिलेगी गर्मी से राहत?
राजधानी दिल्ली में फिलहाल भीषण गर्मी का असर बरकरार है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिनों तक लोगों को तेज गर्म हवाओं और लू का सामना करना पड़ेगा। 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। राहत की बात यह है कि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखा जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 26 से 28 अप्रैल के बीच दिल्ली-NCR में आंशिक बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना
आईएमडी की ताजा रिपोर्ट की बात करें तो, 26 से 29 अप्रैल के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
बढ़ते तापमान और कूलर-एसी के ज्यादा उपयोग के कारण देश में बिजली की मांग 240 गीगावाट के स्तर को पार कर गई है। स्थिति को देखते हुए, दिल्ली सरकार ने स्कूलों के लिए ‘हीट वेव एक्शन’ गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके तहत स्कूलों को छात्रों के लिए पेयजल, सुरक्षित वातावरण और बचाव के उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, राजस्थान के जयपुर, दौसा और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में भी प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जो चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए एक बड़ी राहत होगी।