
राजस्थान में सुशासन और ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को धरातल पर उतारते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने एक कड़ा संदेश देते हुए साफ कर दिया है कि जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले भ्रष्टाचारियों के लिए इस शासन में कोई जगह नहीं है। सीएम भजनलाल के इस बड़े प्रहार से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
निलंबित, बर्खास्त और पेंशन पर रोक
भ्रष्टाचार के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार ने एक साथ 103 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इस गाज की जद में एक आईएएस (IAS) अधिकारी भी शामिल हैं, जो यह साबित करता है कि कार्रवाई के आड़े कोई बड़ा पद नहीं आएगा।
सिर्फ निलंबन ही नहीं, सरकार के तेवर इस बार बेहद सख्त हैं। आपको बता दें, 6 अधिकारियों को सीधे बर्खास्त कर दिया गया है।
11 दोषी अधिकारियों की पेंशन रोकने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।भ्रष्टाचार के 108 गंभीर मामलों में अभियोजन स्वीकृति दे दी गई है, जिससे अब इन दोषियों के खिलाफ अदालत में तेजी से मुकदमा चलाया जा सकेगा।
सुशासन का संकल्प और कड़ा संदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह कदम राजस्थान को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के संकल्प की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। सरकार ने दिखा दिया है कि वे केवल खोखले दावों पर नहीं, बल्कि ‘ऑन-ग्राउंड’ एक्शन पर विश्वास करती है। जनता की सेवा के लिए बैठे अधिकारी अगर भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। हमारी सरकार का एकमात्र लक्ष्य पारदर्शिता और सुशासन सुनिश्चित करना है।
भजनलाल सरकार का ‘क्लीन-अप ड्राइव’ मोड
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद से राजस्थान के सरकारी महकमों में हड़कंप का माहौल है। सालों से फाइलों के नीचे दबे भ्रष्टाचार के मामलों को जिस तेजी से बाहर निकालकर एक्शन लिया गया है, उसने लापरवाह और घूसखोर अफसरों की नींद उड़ा दी है। सरकार के इस कड़े रुख से आम जनता में विश्वास जगा है कि अब व्यवस्था में सुधार होगा। भजनलाल सरकार का यह ‘क्लीन-अप ड्राइव’ साफ संकेत है कि राजस्थान में अब भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कस चुका है, और आने वाले दिनों में यह कार्रवाई और तेज हो सकती है।