![]()
भागलपुर के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत मुरहान गांव में आज शॉर्ट सर्किट की वजह से जिओ टावर में आग लग गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन टावर में लगे कई तकनीकी उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग लगने के बाद आसपास के क्षेत्रों में जिओ नेटवर्क सेवा भी प्रभावित हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार टावर परिसर से अचानक धुआं उठता देखा गया। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग तेजी से फैलने के कारण करीब एक घंटे तक उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना तुरंत गोराडीह थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट स्थानीय निवासी रविंद्र ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि टावर के पास लगी दो महत्वपूर्ण मशीनें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण काफी देर तक आग पर नियंत्रण नहीं हो सका। घटना के बाद मुरहान स्थित जिओ टावर से जुड़े लगभग 10 गांवों में नेटवर्क और इंटरनेट सेवा प्रभावित हो गई। कई उपभोक्ताओं को कॉलिंग और डाटा सेवा में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने के काफी देर बाद तक जिओ कंपनी का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। पुलिस और स्थानीय लोग आग पर पूरी तरह काबू पाने और स्थिति सामान्य करने में जुटे रहे। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है।
Source link