Newswahni

मौसम ने बदला मिजाज जमुई में बारिश से मिली राहत



भास्कर न्यूज| जमुई शनिवार की सुबह जमुई जिले में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ गर्जन शुरू हो गया। इसके बाद हुई बारिश ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को कुछ समय के लिए राहत पहुंचाई। हालांकि बारिश थमने के बाद उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी फिर बढ़ा दी। पिछले कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू जैसे हालात के बीच मौसम में आए इस बदलाव से शहरवासियों ने राहत की सांस ली। सुबह के समय तेज हवाओं के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से दोपहर बाद उमस का असर साफ दिखाई दिया। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को पसीने और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले तीन से पांच दिनों के दौरान जमुई सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं, जिसके प्रभाव से बिहार के कई जिलों में प्री-मानसून बारिश देखने को मिल रही है। ऐसे में किसानों के लिए यह बारिश राहत भरी साबित हो सकती है, वहीं लोगों को भी भीषण गर्मी से कुछ हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे अथवा बिजली के खंभों के आसपास खड़े नहीं होने की अपील की है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। फिलहाल मौसम के बदले तेवर ने गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन उमस और अनिश्चित मौसम ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top