![]()
मधुबनी शहर के बड़ा बाजार स्थित राउतपट्टी से गदियानी जाने वाली मुख्य सड़क पर कई महीनों से जर्जर बिजली के तार लटक रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह स्थिति और गंभीर हो गई। सड़क पर पानी जमा होने और नीचे लटकते तारों के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी और हादसे का डर सता रहा है। स्थानीय निवासी सुरेश ठाकुर और अजय ठाकुर ने शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे बताया कि यह जर्जर तार पिछले कई महीनों से खतरनाक स्थिति में लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत बिजली विभाग से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका मानना है कि यह तार कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। युवक छोटू कुमार और बिट्टू कुमार ने जानकारी दी कि इस जर्जर तार की चपेट में आकर पहले भी कई राहगीर घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने समय रहते उन्हें बचाकर बड़ी दुर्घटना होने से रोका था। इसके बावजूद विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से उदासीनता बरती जा रही है। बारिश के बाद सड़क पर आवागमन करने वाले पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल जर्जर तार को हटाकर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में मधुबनी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद अरमान ने शनिवार सुबह 8:30 बजे बताया कि विभाग को मामले की जानकारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित स्थल का निरीक्षण कर जल्द ही जर्जर बिजली के तार को ठीक कराया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
Source link