![]()
बक्सर। दीपावली की रात मां लक्ष्मी के स्वागत के बाद अगली सुबह दरिद्रता को घर से विदा करने की सदियों पुरानी परंपरा बक्सर के गांवों में सोमवार को पूरी आस्था और उत्साह के साथ निभाई गई। सूर्योदय से पहले ही घरों से सूप पीटने की आवाजें गूंजने लगीं। हाथों में पुराना सूप, टूटी झाड़ू और लोहे के औजार लिए महिलाएं घर के कोने-कोने में घूमती नजर आईं। इस दौरान पूरा गांव ‘ईश्वर पइसे, दलिद्दर भागे’ के पारंपरिक जयघोष से गूंज उठा। ‘दरिद्र पिटाना’ या ‘दलिद्दर भगाना’ के नाम से जानी जाती है रस्म ग्रामीण इलाकों में इस रस्म को ‘दरिद्र पिटाना’ या ‘दलिद्दर भगाना’ कहा जाता है। लोकमान्यता है कि दीपावली की रात मां लक्ष्मी घर में प्रवेश करती हैं, लेकिन उनके साथ दरिद्रता की प्रतीक अलक्ष्मी भी कहीं न कहीं घर में छिपी रह जाती हैं। ऐसे में अगली सुबह सूर्योदय से पहले सूप पीटकर दरिद्रता को घर से बाहर निकाला जाता है, ताकि पूरे साल घर में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। सूप की आवाज में छिपा है समृद्धि का संदेश मिथिलेश चौबे ने बताया कि इस परंपरा में सूप का इस्तेमाल भी खास मायने रखता है। जिस तरह सूप अनाज से भूसी और कचरे को अलग कर उसे साफ करता है, उसी तरह लोकमान्यता में सूप पीटने को घर से गरीबी, अभाव और नकारात्मकता बाहर निकालने का प्रतीक माना जाता है। महिलाएं घर के प्रत्येक कोने में सूप बजाती हैं और ‘बैठ लक्ष्मी, भाग दरिद्रता’ कहकर मां लक्ष्मी के स्थायी वास की कामना करती हैं। पूर्वजों से मिली परंपरा, आज भी कायम है विश्वास चौसा गांव की उर्मिला देवी ने बताया कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है। उन्होंने पुरखों से सुना है कि दीपावली के बाद घर के कोने-कोने से दरिद्रता को बाहर निकालना चाहिए। इसी विश्वास के साथ हर साल सुबह-सुबह सूप पीटा जाता है। उन्होंने बताया कि घर में महिलाएं नहीं होने या किसी महिला के बाहर नहीं निकल पाने की स्थिति में पुरुष भी इस परंपरा को निभाते हैं। खेतों या पुराने डीह पर ले जाकर किया जाता है प्रतीकात्मक विदाई रस्म पूरी होने के बाद घर से निकाली गई दरिद्रता के प्रतीक को गांव से बाहर खेतों या पुराने डीह पर ले जाया जाता है। कई जगहों पर इसे जलाकर प्रतीकात्मक रूप से विदा किया जाता है। मान्यता है कि इसके साथ ही घर से दरिद्रता और नकारात्मकता का अंत हो जाता है। हंसुआ की लौ से तैयार किया जाता है काजल इस परंपरा के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में एक और खास रीति निभाई जाती है। घर की महिलाएं दीपक की लौ पर हंसुआ गर्म करके उससे काजल तैयार करती हैं। इसके बाद परिवार के सदस्यों की आंखों में काजल लगाया जाता है। लोकविश्वास है कि इससे बुरी नजर से रक्षा होती है और परिवार के सदस्य स्वस्थ रहते हैं। पंडित राकेश चौबे के अनुसार, दीपावली के अगले दिन सूप बजाने की परंपरा दरिद्रता और नकारात्मक ऊर्जा को घर से बाहर करने का प्रतीक मानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं में मां लक्ष्मी की बड़ी बहन अलक्ष्मी को दरिद्रता और अशांति का प्रतीक माना गया है। ऐसी मान्यता है कि लक्ष्मी के स्थायी वास के लिए अलक्ष्मी को घर से विदा करना जरूरी है। आधुनिकता के बीच लोकसंस्कृति की जीवंत विरासत गांवों में आधुनिक जीवनशैली का प्रभाव बढ़ने के बावजूद यह परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ रही है। बुजुर्ग महिलाओं से नई पीढ़ी तक पहुंची यह रस्म केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण समाज की सांस्कृतिक पहचान भी है। सुबह की खामोशी को तोड़ती सूप की आवाज, खेतों में उठता धुआं और सुख-समृद्धि की कामना करते ग्रामीण इस बात की गवाही देते हैं कि लोकपरंपराएं आज भी गांवों के जीवन में गहरी जड़ें जमाए हुए हैं। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में निभाई जाने वाली यह परंपरा दीपावली के उत्सव को एक अलग सांस्कृतिक रंग देती है।
Source link