Newswahni

फायर सेफ्टी ऑडिट में फेल निकले कोचिंग संस्थान अब सीलिंग की चेतावनी नियमों की अनदेखी पर अग्निशमन विभाग सख्त…




नालन्दा में होटल, रेस्टोरेंट, मॉल और निजी अस्पतालों के साथ ही कोचिंग संस्थानों व लाइब्रेरी में अग्नि सुरक्षा की अनदेखी करना अब संचालकों को भारी पड़ने वाला है। अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान में अब तक कुल 224 संस्थान फायर सेफ्टी ऑडिट में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं, जिन्हें अग्निशमन विभाग ने सख्त नोटिस थमा दिया है। अनुमंडलवार गठित विशेष टीमों की ओर से की जा रही इस जांच प्रक्रिया में सामने आए तथ्य चौंकाने वाले हैं। स्थिति यह है कि छोटे संस्थानों की तो बात छोड़िए, शहर के बड़े भवनों में संचालित संस्थानों में भी आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम नदारद मिले हैं। संचालकों को दी गई चेतावनी अग्निशमन विभाग की ओर से अब तक जिले के तीनों अनुमंडलों बिहारशरीफ, राजगीर और हिलसा में व्यापक छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया गया है। हालांकि, अभी तक किसी भी संस्थान को सील नहीं किया गया है, लेकिन संचालकों को यह स्पष्ट चेतावनी दे दी गई है कि नियमों के प्रति बरती जा रही लापरवाही अब कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रावधान के मुताबिक, फायर ऑडिट में खामियां पाए जाने पर संचालक को अधिकतम तीन बार नोटिस देने का नियम है। पहला नोटिस मिलते ही संचालक को अग्नि सुरक्षा प्रक्रिया को दुरुस्त करना अनिवार्य है। यदि इसके बाद भी संस्थान संचालक मनमानी करते हैं, तो दूसरे और तीसरे यानी अंतिम नोटिस के बाद संस्थानों में ताला जड़ दिया जाएगा। जांच के दौरान टीम की ओर से ‘प्रपत्र श’ भरा जा रहा है, जिसमें सुरक्षा मानकों के कई कड़े बिंदु शामिल हैं। इसमें मुख्य रूप से भवन की ऊंचाई, तल्ले और कमरों की संख्या, सीढ़ियों की संख्या व उनकी चौड़ाई, प्रवेश और निकास द्वार की स्थिति, आने-जाने के रास्ते, वाहन पार्किंग की व्यवस्था, आपात स्थिति में भवन खाली करने के इंतजाम और एयर कंडीशनिंग सिस्टम की सुरक्षा की जांच की जा रही है। इस अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों की बदहाली का भी पता चला है। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड और ग्रामीण इलाकों तक करीब ढाई हजार कोचिंग संस्थान संचालित हैं, जिनमें से एक भी संस्थान के पास फायर एनओसी नहीं है। बिहारशरीफ में 17 संस्थानों को नोटिस बड़े संस्थानों की बात करें तो बिहारशरीफ में 21, हिलसा में 16 और राजगीर में दो बड़े कोचिंग सेंटर हैं। अब तक बिहारशरीफ में 17, राजगीर में 5 और हिलसा में करीब 20 कोचिंग संस्थानों को नोटिस दिया जा चुका है। राहत की बात यह है कि नोटिस मिलने के बाद एनओसी लेने के लिए आवेदन करने वालों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। बिहारशरीफ के अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद, हिलसा के जयंत शर्मा और राजगीर के अभिषेक राज ने एक स्वर में कहा है कि यह सुरक्षा अभियान अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नोटिस के जरिए संचालकों को अंतिम चेतावनी दी जा चुकी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर अग्नि सुरक्षा की शर्तों का पालन नहीं किया गया, तो तीसरी नोटिस के बाद संस्थानों को सील करने की कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी। आंकड़ों के मुताबिक, अब तक बिहारशरीफ में 92, हिलसा में 35 और राजगीर में 55 होटल व अस्पताल को नोटिस जारी किए गए हैं।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top