![]()
सुपौल के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पतरघट्टी वार्ड-5 में शनिवार को पुलिस टीम पर हुए कथित हमले के मामले में 72 घंटे बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि पुलिस के वरीय अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच को पहुंची टीम पर हमला सूत्रों के अनुसार चोरी की एक घटना की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम शनिवार को पतरघट्टी वार्ड-5 पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। घटना में एएसआई विजय कुमार के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट होने तथा होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव के घायल होने की बात सामने आई है। थानाध्यक्ष का हमले से इनकार सूत्र बताते हैं कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वरीय अधिकारियों ने थानाध्यक्ष राकेश कुमार से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली। सूत्रों का दावा है कि इस दौरान थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम पर किसी प्रकार के हमले से इनकार किया। बाद में घायल होमगार्ड जवान और एएसआई का वीडियो रिकॉर्ड कर वरीय अधिकारियों को भेजा गया, जिसमें गश्ती वाहन से गिरने के कारण चोट लगने की बात कही गई। एएसआई को बचाने में लगी चोट
इधर, घटना के बाद मीडिया द्वारा घायल होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव से फोन पर संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि एएसआई विजय कुमार को बचाने के दौरान चोट लगी थी। उनके अनुसार 5-6 लोग एएसआई के साथ मारपीट कर रहे थे और बचाव करने के दौरान उनके सिर में चोट लगी। उन्होंने यह भी बताया कि उनका इलाज कराया गया है। हालांकि मामले की आधिकारिक पुष्टि पुलिस स्तर से नहीं की गई है। एसडीपीओ बोले- हमले की पुष्टि नहीं
इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीपीओ बिभाष कुमार ने कहा कि पुलिस टीम पर हमले की पुष्टि नहीं हुई है। थानाध्यक्ष द्वारा भेजे गए वीडियो के आधार पर प्रारंभिक जानकारी प्राप्त हुई है, लेकिन पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि यदि वास्तव में पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ है तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चार बार पुलिस टीम पर हमले की चर्चा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार थानाध्यक्ष राकेश कुमार के कार्यकाल में पिछले कुछ महीनों के दौरान पुलिस टीम पर हमले की चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ताजा मामला भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
बॉक्स खबर
घायल होमगार्ड के बयान से बढ़ी चर्चा
फोन पर हुई बातचीत में घायल होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव ने बताया कि एएसआई विजय कुमार को बचाने के दौरान उन्हें चोट लगी थी। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग एएसआई के साथ मारपीट कर रहे थे और बीच-बचाव में उनके सिर पर चोट लगी। यह बयान सामने आने के बाद मामले को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पूरे प्रकरण की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Source link