
बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी शपथ ग्रहण के कुछ ही घंटों बाद एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने पहले ही दिन स्पष्ट कर दिया कि अब बंगाल में कानून-व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सत्ता परिवर्तन के तुरंत बाद नए CM सुवेंदु अधिकारी ने कानून-व्यवस्था को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी। अब उन्होंने सोमवार को पुलिस अधिकारियों की एक अहम बैठक बुलाई है।
राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह के समापन के कुछ ही घंटों के अंदर सुवेंदु अधिकारी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। शपथ ग्रहण कार्यक्रम लगभग दोपहर 12 बजे तक चला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य प्रमुख अतिथियों को एयरपोर्ट पर विदाई देने के बाद मुख्यमंत्री सीधे काम पर जुट गए। उन्होंने कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें प्रशासनिक फेरबदल और पुरानी योजनाओं के संचालन पर भी चर्चा की।
सुवेंदु अधिकारी ने बुलाई पुलिस अधिकारियों की बैठक
अब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सोमवार, 11 मई को नबन्ना सभागढ़ में पुलिस अधिकारियों के साथ एक बैठक करेंगे। बैठक में सभी जिलों के SP को बुलाया गया है। साथ ही सभी कमिश्नर्स, IG ट्रैफिक, CIF, DGP, हेडक्वार्टर्स, DGP IB, DGP STF समेत सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को बैठक में मौजूद रहने को कहा गया है।
कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े एक्शन की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, सबसे पहले उन्होंने मुख्य सचिव (चीफ सेक्रेटरी) सहित कोलकाता में मौजूद वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इसके बाद सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी), डीआईजी, आईजी और अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को सोमवार को कोलकाता बुलाया है। इस बैठक में राज्य में शांति-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस सुधार जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। सुवेंदु अधिकारी ने साफ कर दिया है कि राज्य में अब ‘सिंडिकेट राज’ नहीं चलेगा।
कालीघाट मंदिर पहुंचे सुवेंदु अधिकारी
वहीं, दूसरे और पूजा-पाठ का सिलसिला भी जारी है। मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद, सुवेंदु अधिकारी देर शाम कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे। इससे पहले उन्होंने भारत सेवाश्रम संघ का भी दौरा किया।