![]()
बिहारशरीफ शहर के एक निजी सभागार में बुधवार को उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) का सांगठनिक चुनाव संपन्न हुआ। इस चुनाव में सर्वसम्मति से सोनू कुशवाहा को एक बार फिर से निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुन लिया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल विशेष रूप से उपस्थित थे, जिन्होंने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष को बधाई देते हुए पार्टी की एकजुटता और बढ़ती ताकत का संदेश दिया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सोनू कुशवाहा ने चुनाव के बाद कहा कि पार्टी में पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। स्थापना दिवस के अवसर पर सक्रिय सदस्यता अभियान चलाने के बाद पंचायत और प्रखंड स्तर के चुनाव संपन्न कराए गए। उन्होंने बताया कि राज्य भर में चार तारीख तक जिलाध्यक्षों का चुनाव पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सात तारीख को प्रदेश अध्यक्ष और 14 जून को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता भाई-बहन और एक परिवार की तरह काम करते हैं। कार्यकर्ताओं के इसी समन्वय और एकता के दम पर नालंदा के राजनीतिक मानचित्र पर उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी मजबूती से चमक रही है। नेताओं ने पार्टी सुप्रीमो के विजन को कार्यकर्ताओं के सामने रखा कार्यक्रम के दौरान पार्टी सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के विजन को भी प्रमुखता से रखा गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा अब राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन का अहम भागीदार है। पार्टी का मुख्य लक्ष्य समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे उन लोगों तक न्याय और विकास पहुंचाना है, जो अब तक इससे वंचित रहे हैं। इसके लिए पंचायत स्तर पर बनाए गए प्रतिनिधि सीधे आम लोगों से जुड़कर उनकी शिकायतें एकत्रित करेंगे। इन समस्याओं का निवारण मुख्यमंत्री और संबंधित विभागीय मंत्रियों से संपर्क कर प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। नेताओं ने याद दिलाया कि भारत सरकार में एचआरडी मंत्री रहते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था की कमियों को दूर करने के लिए मजबूती से आवाज उठाई थी, और आगे भी जनता की हर समस्या का समाधान सरकार के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में पंचायत चुनावों को लेकर भी की चर्चा इस मौके पर आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भी चर्चा की गई। रालोमो के प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पंचायत चुनाव अपने तय समय पर ही होंगे। उन्होंने बताया कि आरक्षण रोस्टर की 10 वर्ष की अवधि पूरी हो चुकी है, इसलिए अब संविधान के प्रावधानों के अनुसार पंचायत चुनाव में आरक्षण का नया रोस्टर लागू किया जाएगा। वहीं, पार्टी नेत्री प्रतिभा रानी कुशवाहा ने सोनू कुशवाहा के निर्विरोध निर्वाचन का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर चल रही इस संगठनात्मक प्रक्रिया में कार्यकर्ता लगातार बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
Source link