Newswahni

दिल्ली को मिला नया कप्तान कौन हैं अनुराग कुमार जो बने नए पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा की लेंगे जगह…



Delhi Police Commissioner: दिल्ली में नए पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति हुई है। 1994 बैच के IPS अनुराग कुमार अब राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। वह सतीश गोलचा की जगह लेंगे। अनुराग कुमार की नए पुलिस कमिश्नर के तौर पर नियुक्ति को लेकर गृह मंत्रालय ने आज (17 जुलाई) को आदेश जारी किया है।

गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक वह दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर बने रहेंगे।

दिल्ली पुलिस के नए कप्तान बनने जा रहे अनुराग कुमार का प्रशासनिक रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वह पिछले करीब 20 सालों से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे। उन्हें हाल ही में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात किया गया था।

इस नियुक्ति से ठीक एक दिन पहले, गुरुवार (16 जुलाई) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली ‘कैबिनेट की नियुक्ति समिति’ (ACC) ने अनुराग कुमार को आईबी से मुक्त कर उनके मूल कैडर (AGMUT) में वापस भेजने की मंजूरी दी थी। इसके तुरंत बाद शुक्रवार सुबह गृह मंत्रालय ने उन्हें राजधानी की कमान सौंपने का यह आदेश जारी कर दिया।

रिटायरमेंट से पहले हटाए गए सतीश गोलचा

वहीं, सतीश गोलचा 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका रिटायरमेंट अप्रैल 2027 में होना था, लेकिन उन्हें पहले ही इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, जैसे ही अनुराग कुमार अपना कार्यभार संभालेंगे, सतीश गोलचा को आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) के पास रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

दिल्ली पुलिस में लगातार हो रहे बड़े बदलाव

नए कमिश्नर की यह नियुक्ति दिल्ली पुलिस में हो रहे बड़े प्रशासनिक सुधारों की अगली कड़ी मानी जा रही है। इससे पहले 3 मार्च को भी दिल्ली पुलिस में एक बहुत बड़ा फेरबदल किया गया था। उस समय उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद एक साथ 70 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला और नई नियुक्तियां की गई थीं, जिनमें 50 आईपीएस (IPS) और 20 दानिप्स (DANIPS) अधिकारी शामिल थे।

मार्च में हुए उस बड़े फेरबदल के दौरान स्पेशल कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर और डीसीपी स्तर तक कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए थे। जिला पुलिस, अपराध शाखा (Crime Branch), ट्रैफिक, सुरक्षा और अन्य विशेष इकाइयों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई थी।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top