![]()
दरभंगा जिला प्रशासन एनटीए की ओर से आयोजित होने वाली UGC NET एग्जाम को लेकर अलर्ट मोड में है। यह परीक्षा कुल छह दिन तक चलेगी। परीक्षा का आयोजन 22, 23, 24, 25, 29 और 30 जून को दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगी। जिले में केवल एक केंद्र बनाया गया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी सोनल कुमार ने केंद्र के आसपास 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स लाने की पाबंदी एसडीओ सोनल कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह 7:00 बजे से परीक्षा की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। आदेश के तहत परीक्षा केंद्र के आसपास पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने, आग्नेयास्त्र, घातक हथियार या विस्फोटक सामग्री लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा एग्जाम टाइम में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों एवं परीक्षा कार्य से जुड़े अन्य व्यक्तियों के लिए मोबाइल फोन, सेल्युलर फोन और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि यह आदेश परीक्षा ड्यूटी में तैनात पदाधिकारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, सरकारी पासधारियों, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस तथा शादी-विवाह कार्यक्रमों में शामिल लोगों पर लागू नहीं होगा। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों एवं आम लोगों से परीक्षा के दौरान जारी निर्देशों का पालन करने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।
Source link