![]()
दरभंगा के केवटी थाना क्षेत्र के छतवन गांव में चोरी हुई है। यहां घर में घुसकर बदमाशों ने नकदी, 12 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य सामान की चोरी कर ली। पीड़ित ने कई लोगों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित अशोक साहू ने दिए आवेदन में बताया कि गांधी चौक स्थित उनके मकान में वह और उनका बेटा आगे के कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान रात में पीछे के रास्ते से कुछ लोग घर में घुस आए और कमरे में रखे लॉकर का ताला तोड़ दिया। बदमाशों ने लॉकर में रखे 1 लाख 75 हजार रुपये नकद, करीब 70 ग्राम सोने के जेवरात, कुछ चांदी के आभूषण, एक सैमसंग मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जेवर लेकर भागे चोर पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, सिकड़ी, जितिया, नथ सहित अन्य आभूषण और चांदी की पायल व अन्य जेवर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नकदी जमीन बिक्री और दुकान के कारोबार की थी। अशोक साहू ने आवेदन में 4 लोग नामजद सहित छह-सात अन्य लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है और उन्हें आशंका है कि इन्हीं लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार छतवन गांव में पिछले चार-पांच दिनों के दौरान लगातार चोरी की घटनाएं हुई हैं। इससे पहले मो. सदरुल, बादरुल, मो. राजिक, नासरा परवीन और उमर फारूक के घरों में भी चोरी हो चुकी है। उमर फारूक के घर में बदमाशों ने पिस्टल और चाकू का भय दिखाकर वारदात को अंजाम दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है और लोग रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पूर्व के घटना का CCTV फुटेज भी ग्रामीणों ने उपलब्ध करवाया है। केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पीड़ित को थाना में आवेदन देने के लिए कहा गया है। अभी तक उन्हे आवेदन नहीं मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है और आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। आंगनबाड़ी सेविका के घर 10 लाख की चोरी दूसरी ओर जाले थाना क्षेत्र के सहसपुर पंचायत अंतर्गत चन्दौना वार्ड संख्या-1 में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक आंगनबाड़ी सेविका के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर की खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और नकदी, सोना-चांदी के आभूषण, कीमती साड़ियां समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़िता बेबी कुमारी, जो आंगनबाड़ी सेविका हैं, इन्होंने बताया कि रात में खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सो गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोना-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद, पोषाहार मद के 7 हजार रुपये, कीमती साड़ियां और सुधा दूध के पैकेट तक चोरी कर लिए। वारदात के दौरान उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी टूटी मिली और उसमें रखा सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने तत्काल जाले थाना को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Source link