
CM Yogi: उत्तर प्रदेश विधानमंडल में आज, 30 अप्रैल को विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें महिला आरक्षण (संशोधन) विधेयक पर चर्चा होगी। इस विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
सीएम योगी ने कहा कि यह विशेष सत्र समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ विशेष निंदा प्रस्ताव पारित करने के उद्देश्य से बुलाया गया है। हमें आश्चर्य होता है कि गिरगिट की तरह कैसे रंग बदला जाता है। समाजवादी पार्टी का यह आचरण आज यहां देखने को मिल रहा है, जो जन्मजात महिला विरोधी है। इनके रग-रग में नारी का अपमान है।
देख सपाई, बिटिया घबराई- सीएम योगी
उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी को जब भी सत्ता में रहने का मौका मिला तब जिस तरह की बर्बर घटनाएं और क्रूरता की घटनाएं हुई, वह जगजाहिर है। समाजवादी पार्टी के समय नारा बन गया था कि देख सपाई, बिटिया घबराई। स्टेट गेस्ट हाउस कांड हो या प्रदेश के अंदर अलग-अलग समय में इनके नेताओं, इनसे जुड़े हुए पदाधिकारियों और समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की महिला विरोधी आचरण को देश पहले ही जानता था। लेकिन इनके पास अवसर था कि अपने मुंह पर लगी कालिख को मिटाने का, कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रस्तावित संशोधन में लोग सहयोग करते। लेकिन वे यह अवसर भी चूक गए और अपनी महिला विरोधी छवि के लिए कुख्यात हो चुकी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन इस कोशिश में थी कि किसी भी तरह से यह संशोधन लागू न हो पाए।
‘सपा-कांग्रेस में साहस है तो चर्चा में भाग लें और…’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज इसी पर चर्चा के लिए उत्तर प्रदेश विधानमंडल का यह सत्र शुरू किया जा रहा है। मैं अपील करूंगा विधानमंडल दल के सदस्यों से कि वे इस चर्चा में भाग लें।
वह कहते हैं कि अगर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस में नैतिक साहस है तो चर्चा में भाग लें और यह बताएं कि उन्होंने संशोधन विधेयक का विरोध क्यों किया? इसके पीछे उनकी मंशा क्या थी? अगर उन्हें लगता है कि उनके नेताओं ने गलत किया है तो वे माफी मांगे या इस निंदा प्रस्ताव को पारित करें।
विधानसभा परिसर में सपा का प्रदर्शन
बता दें कि 33% महिला आरक्षण लागू करवाने के लिए समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। जहां सत्ता पक्ष निंदा प्रस्ताव लाएगा, तो वहीं सपा का कहना है कि वह अति निंदा प्रस्ताव लाएंगे।