
Ghaziabad news: गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन 17 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या मामले में मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर हो गया है। आरोपी ने पुलिस पर गोलियां चलाई, इसके बाद जवाबी फायरिंग में असद को गोली लग गई। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने किसी दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला है, जिसके बाद उसका शहर छोड़ने का प्लान था। पुलिस ने उसे दबोचने के लिए एक जाल बिछाया।
असद मोटरसाइकिल पर सवार होकर जैसे ही वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस दौरान उसके साथ एक और शख्स मौजूद था। पुलिस के मुताबिक उन्होंने असद से रुकने को कहा, लेकिन उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई इस फायरिंग में असद को गोली लग गई। वो गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया है। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है।
गाजियाबाद पुलिस ने घटनास्थल से मिली मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। असद के पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद हुआ है, जिससे उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। हालांकि एनकाउंटर के दौरान मोटरसाइकिल पर असद के साथ मौजूद अन्य शख्स मौके से भागने में कामयाब रहा।