![]()
गया एयरपोर्ट पर बुधवार को थाईलैंड से पहुंची पंजाब की दो महिलाओं के सामान से करीब 10 किलोग्राम मारिजुआना (गांजा) बरामद हुआ। चार अलग-अलग बैग में छिपाकर लाई गई इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है। कस्टम विभाग ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि थाईलैंड से गया तक नशे की खेप पहुंचाने के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है और इसके तार कहां-कहां जुड़े हैं। बीते दो साल में अब तक चार बार इस तरह के गांजा की खेप पकड़ी गई है। आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं लेकिन अब तक उनके नेटवर्क को भी जांच एजेंसी नहीं खंगाल सकी है। हर बार पूछताछ व केस रजिस्टर्ड करने के बाद मामला ठंडा पड़ जाता है। एक्स-रे स्कैनिंग में संदिग्ध दिखे बैग, तलाशी में खुला राज जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं बुधवार को थाई एयरवेज की फ्लाइट से थाईलैंड से गया जी एयरपोर्ट पहुंची थीं। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान उनके सामान की एक्स-रे मशीन से स्कैनिंग की गई। इसी दौरान सीआईएसएफ सहित अन्य सुरक्षाकर्मियों को बैग में संदिग्ध सामान होने का शक हुआ। इसके बाद दोनों महिलाओं को रोककर पूछताछ की गई। सामान की बारीकी से तलाशी लेने पर चार अलग-अलग बैग में बेहद सावधानी से छिपाकर रखी गई करीब 10 किलोग्राम मारिजुआना बरामद हुई। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने तत्काल दोनों को हिरासत में ले लिया। करीब आठ घंटे तक पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सिमरनजीत और कुलविंदर के रूप में हुई है। दोनों पंजाब की रहने वाली बताई जा रही हैं। उनके स्थाई पता की जांच की जा रही है। छह लोगों का ग्रुप गया था थाईलैंड, दो महिलाएं लौटीं एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, चार दिन पहले छह लोगों का एक ग्रुप थाईलैंड गया था। उसी ग्रुप की दो महिलाएं बुधवार को नशीले पदार्थों की खेप के साथ गया पहुंचीं। ग्रुप के अन्य चार सदस्य अब तक गया जी एयरपोर्ट नहीं पहुंचे हैं। इस जानकारी के बाद कस्टम अधिकारियों की जांच का दायरा बढ़ गया है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या यह खेप किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। महिलाओं के थाईलैंड जाने। वहां ठहरने और नशीले पदार्थों को अपने सामान में छिपाकर लाने के पीछे किसकी भूमिका थी। इसकी पड़ताल की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बीच सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता गया जी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के बीच नशीले पदार्थों की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एयरपोर्ट का इस्तेमाल अब केवल यात्रियों की आवाजाही के लिए ही नहीं, बल्कि तस्करी के संभावित रास्ते के रूप में भी किए जाने की आशंका सामने आई है। फिलहाल कस्टम विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों की नजर उन चार अन्य सदस्यों पर भी है, जो अभी तक गया नहीं पहुंचे हैं। ईमानदारी से जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद गांजा कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कितने लोग शामिल हैं। हालांकि इन सवालों के जवाब जिम्मेदार अधिकारी देने से कतराते रहे।
Source link