
दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस सनसनीखेज केस के आरोपी की पहचान अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के निवासी राहुल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दिल्ली में हत्या करने से कुछ घंटे पहले अपने गांव में पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। अलवर पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर रेप का केस दर्ज कर लिया है।
लोकल पुलिस ने दिल्ली पुलिस को बताया कि राहुल मीणा मंगलवार को एक दोस्त के साथ अलवर में एक शादी में गया था। सूत्र ने कहा, “शादी में, उसने दोस्त से कहा कि वह कुछ जरूरी फैमिली काम से जा रहा है। बाद में वह अपने दोस्त के घर लौटा, जहां उसने कथित तौर पर दोस्त की पत्नी के साथ रेप किया। जाने से पहले राहुल मीणा ने चार्जिंग पॉइंट से डुअल SIM कार्ड वाला एक मोबाइल फोन निकाला।”
रेप करने के बाद आया दिल्ली, हत्या को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अलवर में वारदात करने के बाद दिल्ली आया और वहां जाकर रेप कर हत्या की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में दिल्ली पुलिस की चार टीमें और अलवार पुलिस आरोपी को पकड़ने में जुटी थीं। आरोपी को दिल्ली के द्वारका इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह एक होटल में रुका हुआ था।
वारदात के बाद आरोपी ने अपने कपड़े और जूते बदल लिए थे क्योंकि उन पर खून लग गया था। बताया जा रहा है कि उसने घर में रखे दूसरे पैंट और जूते पहन लिए और अपने खून से सने कपड़े और जूते वहीं क्राइम सीन पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राहुल ने हत्या के बाद घर में लूटपाट भी की थी। पुलिस ने सामान बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी राहुल को ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी। जिसकी वजह से वह कर्ज में था।
12 घंटे के भीतर पुलिस ने कैसे पकड़ा?
CCTV फुटेज की जांच करते समय, पुलिस ने देखा कि एक आदमी पीली शर्ट और काली पैंट पहनकर घर में घुसा था। बाहर निकलते समय उसने सफेद पैंट पहनी हुई थी। जब वह अंदर गया था, तब उसके पास कोई बैग नहीं था, लेकिन बाहर निकलते समय उसके पास एक काला बैकपैक था। फुटेज में दिखे उस आदमी के पुराना डोमेस्टिक हेल्प होने का शक हुआ, दिल्ली पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 15 टीमें बनाईं।
पुलिस ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और UP समेत कई राज्यों में छापे मारे। उत्तरी दिल्ली के पालम और कमला नगर में उसके रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के ठिकानों पर भी छापे मारे गए जिससे कुछ सुराग मिल सके। उसकी तस्वीरें राजधानी के सभी पुलिस स्टेशनों में भेजी गईं। इस कोशिश के दौरान पुलिस को उस आदमी का एक मोबाइल नंबर मिला, जो उसके कुछ ही रिश्तेदारों को पता था। फोन की लोकेशन पालम – द्वारका इलाके में मिली। टीमों ने एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार उसी दिन शाम लगभग 6 बजे उसे एक होटल में उसे पकड़ लिया।