Newswahni

अंबेडकर कल्याण हॉस्टल में दाखिले का मौका जून तक खुला रहेगा पोर्टल मैट्रिक पास स्टूडेंट्स के लिए खंदकपर इस्लामपुर में सीटें खाली…




नालंदा में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावासों में खाली पड़ी सीटों को भरने के लिए विभाग ने एक बार फिर से पोर्टल खोल दिया है। नगर निगम क्षेत्र के खंदकपर मोहल्ले और इस्लामपुर स्थित छात्रावासों में इस सत्र की 77 सीटें अब तक नहीं भर सकी है। मैट्रिक या उससे ऊपर की पढ़ाई कर रहे छात्र इन बची हुई सीटों पर दाखिले के लिए आगामी 15 जून तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इस्लामपुर हॉस्टल में सबसे अधिक 46 सीटें रिक्त जिले में कल्याण विभाग की ओर से कुल तीन छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं, जिनकी कुल क्षमता 350 छात्रों की है। फिलहाल इन छात्रावासों में 273 छात्र ही रह रहे हैं। रिक्तियों की बात करें तो सबसे ज्यादा 46 सीटें इस्लामपुर हॉस्टल में खाली है। वहीं, खंदकपर स्थित हॉस्टल नंबर-1 में पांच और हॉस्टल नंबर-2 में 26 सीटें अभी भी रिक्त हैं। इन्हीं खाली सीटों को भरने के लिए यह प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है। अधिक अंक और उच्च शिक्षा वाले छात्रों को मिलेगी तरजीह जिला कल्याण पदाधिकारी के अनुसार, आवेदन केवल विभागीय वेबसाइट (scstonline.bihar.gov.in) के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। दाखिले के लिए यह अनिवार्य है कि छात्र बिहार का स्थायी निवासी हो और उसका नामांकन नालंदा जिले के ही किसी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान में हो। चयन प्रक्रिया में उन छात्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी जिनके प्राप्तांक अधिक हैं या जो इंटरमीडिएट, स्नातक व स्नातकोत्तर (पीजी) जैसी उच्च कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा, कुल सीटों में से पांच प्रतिशत सीटें दिव्यांग छात्रों के लिए आरक्षित रखी गई हैं। मुफ्त आवास के साथ 15 किलो राशन और 2000 रुपए की छात्रवृत्ति इन छात्रावासों में चयनित छात्रों को सरकार की ओर से बेहतरीन सुविधाएं बिल्कुल मुफ्त दी जाती हैं। छात्रों को न सिर्फ मुफ्त आवास मिलता है, बल्कि हर महीने 15 किलो राशन और 2000 रुपए की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है। पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने हेतु हॉस्टल में लाइब्रेरी, मुफ्त वाई-फाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त जनरेटर, आरओ का शुद्ध पानी, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड, सफाईकर्मी और रसोइये की भी मुकम्मल व्यवस्था है। आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत छात्रों को ऑनलाइन फॉर्म भरते समय अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, जाति प्रमाण पत्र, आय व निवास प्रमाण पत्र, स्कूल या कॉलेज की वर्तमान नामांकन रसीद, आधार कार्ड, पिछली उत्तीर्ण परीक्षा की मार्कशीट, बैंक पासबुक और अनुशासन बनाए रखने से जुड़ा शपथ पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अधूरे आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा और उन्हें सीधे तौर पर रद्द कर दिया जाएगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top