
Akhilesh Yadav: देश में गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक कचौड़ी एक समोसा, गैस का नही अब भरोसा। हमने अपने घर लकड़ी और कोयले से खाना बनाने का इंतजाम कर लिया है।
अखिलेश यादव ने आज, 26 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार का घेराव किया। इन्हीं में से एक भारत में एलपीजी गैस संकट का मुद्दा भी रहा। उन्होंने कहा कि उन्हें जैसे ही गैस की संभावित समस्या का पता चला था, तभी उन्होंने लोगों को आगाह कर दिया था कि कंडे, लकड़ी, अंगीठी तैयार कर लें, लेकिन उनका कहा नहीं माना गया।
हमने मिट्टी के दो चूल्हे मंगवा लिए हैं- अखिलेश
समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने कहा, ‘कई वीडियो और तस्वीरों में देखने को मिल रहा है कि भाजपा सरकार में लाइन के अलावा और मिला क्या है। ये जो परेशानी आने वाली है, बीजेपी ने इसकी क्या तैयारी की थी। भाजपा की तैयारी क्या है? केवल इतनी तैयारी थी कि 14.2KG के सिलेंडर को 10KG का कर दिया। अगर इतना भी किया है तो पर्याप्त डेढ़ गुना संख्या में सिलेंडर बनने होंगे। 14.2KG के सिलेंडर को हटाकर 10KG का कर दिया, जिसका मतलब है कि आपके पास हर सिलेंडर में 4 किलो से ज्यादा पर्याप्त गैस थी जो दूसरे सिलेंडर में भरकर दे सकते थे। उसकी आपने क्या तैयारी की? तैयारी तो कम की, लेकिन कोरोना की याद और दिला दी। इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी ने लाइन के सिवा कुछ नहीं दिया। इनका कोई भी फैसला होता है तो यह हमें और आपको लाइन में लगा देते हैं। लेकिन इस बार जनता ने भी मन बना लिया है कि लाइन में लगकर इनका सफाया करने का काम करेंगे।’
मैंने पहले ही आगाह किया था- अखिलेश
उन्होंने आगे कहा कि ‘जैसे ही मुझे गैस की किल्लत के बारे में जानकारी मिली, मेरा पहला बयान था कि कंडे, लकड़ी, अंगीठी तैयार कर लीजिए, लेकिन आपने मेरी एक न सुनी। हमने अपने घर में मिट्टी के दो चूल्हे मंगवा लिए हैं, क्योंकि गैस की दिक्कत तो सभी को आएगी। हमें और आपको सभी को दिक्कत आएगी। हमने अपने घर लकड़ी और कोयले से खाना बनाने का इंतजाम कर लिया है। अगर एक दो या तीन महीना और दिक्कत रही तो हम सभी को इसी तरह से खाना बनाना पड़ेगा।’
अखिलेश यादव ने कसा तंज
अखिलेश यादव कहते हैं, ‘एक कचौड़ी एक समोसा, अब गैस पर न रहा भरोसा। अभी गैस का सवाल पड़ा है। एलपीजी- लापता गैस। सुना है कि लकड़ी के खाने का स्वाद ज्यादा आता है। मैंने पहले दिन ही कहा था कि यह तैयारी कर लें। सुना है कोयले पर रोटी अच्छी सींकती है, चाय अच्छी बनती है।’ उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘मैं नाली वाली गैस की बात नहीं कर रहा हूं।
अफवाहों पर CM योगी ने दिया भरोसा
दूसरी तरफ सीएम योगी ने प्रदेश की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि कुछ लोग अफवाहें फैलाकर राज्य का माहौल खराब करना चाहते हैं, अव्यवस्था फैलाना चाह रहे हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध ने मिडिल ईस्ट, एशिया और लगभग पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। उस क्षेत्र में हर कोई प्रभावित है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम सुरक्षित हैं और निडर होकर अपनी विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं। लेकिन याद रखें अगर यह युद्ध लंबे समय तक खिंचता है, तो हर कोई प्रभावित होगा। हमें इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए।’
भारत में सब कुछ ठीक- सीएम योगी
उन्होंने आगे कहा, ‘हमें अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। जब हम किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर सरकार के साथ मिलकर काम करते हैं, तो उसके नतीजे हम सभी को दिखाई देंगे। हमने राज्य के भीतर इंतजाम किए हैं और जिला प्रशासन से कहा है कि वे LPG सिलेंडरों की होम डिलीवरी लागू करें, ठीक वैसे ही जैसे एजेंसियां पहले किया करती थीं। लेकिन कुछ लोग अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करना चाहते हैं। कुछ लोग अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत में सब कुछ ठीक है।’