
MP News : भोपाल में 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सर्मथ शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। ट्रिशा शर्मा के परिवार के वकील ने जबलपुर जिला अदालत में उनके पति समर्थ सिंह द्वारा किए गए कथित समर्पण पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वकील अनुराग श्रीवास्तव का कहना है कि कोई समर्पण नहीं हुआ।
ट्रिशा शर्मा के परिवार की ओर से पैरवी कर रहे एडवोकेट अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि अदालत ने समर्थ सिंह को भोपाल स्थित ट्रायल कोर्ट या जांच अधिकारी के सामने समर्पण करने के निर्देश दिए थे। जबलपुर जिला अदालत में समर्पण करने का कोई अधिकार नहीं है।
वकील को देखते ही भागा समर्थ सिंह
समर्थ सिंह जबलपुर अदालत में अंधेरे कमरे में मास्क लगाकर बैठे थे। जज डायस पर नहीं थे, केवल तीन क्लर्क मौजूद थे। परिवार के वकील को देखते ही समर्थ सिंह भाग गए। उनके वकीलों ने परिवार के वकील को धक्का दिया। अनुराग श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि “रिटायर्ड जज के बेटे को किस तरह बचाया जा रहा है, यह देखिए।” उन्होंने CBI जांच और SIT की भूमिका का भी जिक्र किया।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत के खिलाफ राज्य सरकार और ट्रिशा के पिता की याचिकाओं पर नोटिस जारी किया। अगली सुनवाई 25 मई को होगी। हाईकोर्ट ने ट्रिशा शर्मा के दूसरे पोस्टमॉर्टम की अनुमति दे दी है। इसके लिए AIIMS दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टर भोपाल आएंगे। समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट में अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली है। मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले में CBI जांच की सिफारिश कर दी है। ट्रिशा के परिवार का कहना है कि वे पूर्ण निष्पक्ष और पारदर्शी जांच चाहते हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके।
ट्विशा शर्मा, नोएडा की रहने वाली पूर्व मॉडल और एक्ट्रेस, 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में मृत पाई गईं। उनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन ट्विशा के परिवार का आरोप है कि यह हत्या है।
इस मामले में ट्विशा का पति समर्थ सिंह मुख्य आरोपी है। समर्थ पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक और शारीरिक क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। ट्विशा के परिवार का दावा है कि शादी के बाद समर्थ और उनकी मां रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने दहेज के लिए ट्विशा को प्रताड़ित किया। घटना के दिन समर्थ सिंह और उनकी मां ट्विशा को अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। FIR दर्ज होने के बाद से समर्थ सिंह फरार था।