
Tamil Nadu Accident news: तमिलनाडु के कोयंबटूर से बड़े हादसे की खबर आ रही है। यहां एक टूरिस्ट से भरी वैन भरी खाई में गिर गई। दर्दनाक हादसे में केरल से 9 पर्यटकों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताया है।
ये दुर्घटना कोयंबटूर जिले के वेलपराई पहाड़ी इलाके के पास हुई। जानकारी के अनुसार केरल के मलप्पुरम से 13 लोग एक टूरिस्ट वैन में सवार होकर घूमने के लिए आए थे। वे वापस लौट रहे थे, इसी दौरान हादसे का शिकार हो गई।
पुलिस ने बताया कि वैन ने वेलपराई-पोल्लाची हिल रोड के पास एक मोड़ पर अचानक नियंत्रण खो दिया। यह पहले बैरियर से टकराई और फिर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 8 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक शख्स की मौत अस्पताल में हुई। इस दुर्घटना में चालक समेत कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू किया। खाई से शवों को बाहर निकाला गया। वहीं, घायलों को पोल्लाची सरकारी अस्पताल भेजा गया।
जानकारी मिल रही है कि मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। कुछ यात्री मलप्पुरम के एक स्कूल से जुड़े शिक्षक थे, जो घूमने आए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक बयान में कहा कि तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है।