![]()
किशनगंज के ठाकुरगंज प्रखंड के गिलाबाड़ी स्थित SSB कैंप में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 19वीं बटालियन के कैंप परिसर में एक जवान का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। जवान की पहचान 24 वर्षीय चैन मंडल, पिता प्रफुल्ल मंडल, निवासी दीघा थाना क्षेत्र, दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को आशंका है कि जवान ने संतरी ड्यूटी के दौरान अपनी सरकारी इंसास राइफल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे से सुबह 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। सुबह शव मिलने के बाद अधिकारियों की जुटी भीड़ रविवार सुबह कैंप में जवान का शव मिलने की सूचना मिलते ही SSB अधिकारियों और जवानों में हड़कंप मच गया। तत्काल जियापोखर थाना पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार, SDPO मनोज कुमार, CI पंकज पंथ और SSB के DIG ए.के.सी. सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कैंप में मौजूद जवानों से घटना के संबंध में पूछताछ की। FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, खोखा बरामद घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के पास से इंसास राइफल का एक खोखा बरामद हुआ है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि घटना किस परिस्थिति में हुई और उस समय कैंप में ड्यूटी पर कौन-कौन से जवान मौजूद थे। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जवानों से हुई पूछताछ को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। प्रथमदृष्टया प्रेम प्रसंग का एंगल, जांच जारी पुलिस और अधिकारियों की शुरुआती पूछताछ में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने इसे अभी अंतिम कारण नहीं माना है। घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। जवान के मोबाइल फोन, बातचीत और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा सकती है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी और क्या किसी तरह का व्यक्तिगत विवाद चल रहा था। संतरी ड्यूटी के दौरान घटना होने की आशंका अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चैन मंडल रात में संतरी ड्यूटी पर था। इसी दौरान रात 12 बजे से सुबह 3 बजे के बीच उसने अपनी सरकारी इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली होगी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारण और घटना की परिस्थितियों की पुष्टि जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मृतक जवान का मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से घटना की सूचना दे दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से इंसास राइफल का खोखा बरामद किया है। मामले में परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच कई बिंदुओं पर चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, FSL जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जवान की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी।
Source link