AC Blast Reasons: हाल ही में एयर कंडीशनर (AC) फटने और शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। नोएडा के सेक्टर-119 की ‘द अरण्य’ (Aranya) सोसाइटी की 21वीं मंजिल पर एक फ्लैट में एसी में ब्लास्ट होने के कारण भीषण आग लग गई थी, जिससे आसपास के फ्लैटों को भी नुकसान पहुंचा। इससे पहले नोएडा के ही सेक्टर-75 (Ivy County) और सेक्टर-52 की सोसाइटियों में भी एसी से आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं।
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक घर में एसी फटने से दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा साउथ दिल्ली के हौज खास इलाके में भी एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई थी। वहीं हरियाणा के रोहतक में भी हाल ही में 2 अलग-अलग इलाकों में एसी के कंप्रेसर फटने और शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं।
बम की तरह क्यों फट रहे AC
देश के कई राज्यों में कुछ दिनों की बची हुई जाती-जाती गर्मी ने हाहाकार मचा दी है। दिल्ली समेत आस-पास के इलाकों में लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है, जिससे ज्यादातर घरों में AC दिन-रात चल रहे हैं। लगातार इस्तेमाल और समय पर सर्विस न कराने से एसी में आग लगने और ब्लास्ट होने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।

AC में ब्लास्ट के कारण?
एसी का सबसे अहम हिस्सा कंप्रेसर होता है। बाहर का तापमान बहुत ज्यादा होने पर कंप्रेसर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। मशीन जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाती है और अंदर का दबाव बढ़ जाता है। जिससे आग लगने और धमाके होने की स्थिति बन जाती है।

गंदगी और गैस लीकेज भी बड़ा कारण
एसी की कंडेंसर कॉइल पर धूल-मिट्टी जमा हो जाए तो गर्मी आसानी से बाहर नहीं निकल पाती। इससे मशीन और ज्यादा गर्म होती है। रेफ्रिजरेंट गैस का रिसाव होने पर अगर चिंगारी निकले तो आग लग सकती है। समय-समय पर सफाई और गैस की जांच जरूरी है।

बिजली का खराब फ्लो भी वजह
गर्मी के मौसम में बिजली का लोड बढ़ने से वोल्टेज ऊपर-नीचे होता रहता है। खराब वायरिंग, ढीले कनेक्शन या पुराने तार शॉर्ट सर्किट की वजह बन सकते हैं। इससे एसी में आग लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है।

खतरे के संकेतों को ऐसे पहचानें
अगर AC से जलने जैसी बदबू आए या अजीब आवाज सुनाई दे तो सावधान हो जाएं। एसी बार-बार ट्रिप हो रहा हो, ठंडक कम होने लगे या आउटडोर यूनिट जरूरत से ज्यादा गर्म महसूस हो तो तुरंत एसी बंद कर दें। ये संकेत किसी बड़ी खराबी की ओर इशारा कर सकते हैं।
AC को सुरक्षित कैसे रखें?
साल में कम से कम एक या दो बार एसी की सर्विस जरूर करवाएं।
आउटडोर यूनिट के आसपास धूल और कोई रुकावट न रहने दें।
लोकल या घटिया क्वालिटी की गैस भरवाने से बचें।
खराब वायरिंग और पुराने बिजली कनेक्शन जरूर ठीक करवाएं।
लगातार कई घंटों तक एसी न चलाएं। बीच-बीच में कुछ वक्त का ब्रेक दें ताकि मशीन को ठंडा होने का समय मिल सके।