.
आज की सबसे बड़ी खबर नालंदा से है। यहां शीतला माता मंदिर में भगदड़ मच गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने किशनगंज के SDPO गौतम कुमार के बिहार से बंगाल तक के ठिकानों पर रेड की है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
टॉप 15 खबरें…
1. शीतला माता मंदिर में भगदड़, 9 लोगों की मौत
बिहार में नालंदा जिले में मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ मच गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। 8 महिलाओं की भीड़ में दबने से मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक पुरुष ने अस्पताल में दम तोड़ा। चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मंदिर में पहुंचे थे। वहां मेला भी लगा था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। दर्शन करने की जल्दी में धक्का-मुक्की मच गई। अफरातफरी के बीच कई लोग भीड़ में दब गए। बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। हादसे के बाद मंदिर और मेला को बंद करवा दिया है। पूरी खबर पढ़ें

2. SDPO गौतम कुमार ने गर्लफ्रेंड के लिए खरीदी जमीन
बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार को किशनगंज के SDPO गौतम कुमार के बिहार से बंगाल तक के ठिकानों पर छापेमारी की यह कार्रवाई किशनगंज के अलावा पूर्णिया, अररिया, पटना और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में की जा रही है। किशनगंज में EOU की टीम सुबह करीब साढ़े 8 बजे ही गौतम कुमार के घर और ऑफिस पहुंचीं। वहीं, दोपहर 12 बजे से गौतम कुमार के कार्यालय पर छापामारी शुरू हुई। पूरी खबर पढ़ें
3. अनंत सिंह बोले- बिहार से शराबबंदी खत्म हो
मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली अनंत सिंह दुलारचंद हत्याकांड में जेल से बाहर आने के बाद लगातार एक्टिव हैं। वो अपने गांव में 3 अप्रैल को दंगल भी करवा रहे हैं। भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार से शराबबंदी खत्म करने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘बिहार से शराबबंदी खत्म होनी चाहिए। शराबबंदी की वजह से यहां के युवा गलत नशा कर रहे हैं।’ इसके साथ ही उन्होंने सीएम के बेटे निशांत की तारीफ की और सीएम के लिए बेहतर बताया। बीजेपी की तरफ से अनंत सिंह ने सम्राट चौधरी को बेहतर और अच्छा बताया। पूरी खबर पढ़ें
4. दीक्षांत समारोह में पहुंचीं राष्ट्रपति, सौंपी डिग्री
नालंदा यूनिवर्सिटी के दूसरे दीक्षांत समारोह में मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर, बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयदअता हसनैन और सीएम नीतीश कुमार की जगह ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार शामिल हुए। राष्ट्रपति ने नालंदा यूनिवर्सिटी के 10 छात्रों को पीएचडी और 36 स्टूडेंट्स को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। इसके अलावा, 13 देशों के विद्यार्थियों को पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी की डिग्रियां दी गईं। डिग्री लेने वाले छात्रों में 197 विदेशी छात्र भी शामिल रहे। पूरी खबर पढ़ें
5. शादीशुदा महिला से बीच सड़क गैंगरेप की कोशिश
बिहार के नालंदा में एक शादीशुदा महिला के साथ सरेआम गैंगरेप की कोशिश की गई। बीच सड़क कुछ बदमाशों ने महिला को गलत ढंग से पकड़ लिया। रेप की कोशिश का बदमाशों ने वीडियो भी बनाया। महिला ने जब थाने में इसकी शिकायत की तो आरोपियों ने गंदा वीडियो वायरल कर दिया। मामला सीएम नीतीश के गृह जिले नालंदा के नूरसराय थाना इलाके का है। पीड़िता ने थाने में शिकायत की है। पुलिस ने 2 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें

6. लव मैरिज के 12वें दिन दूल्हे की हत्या
‘’मेरे भाई ने ही मेरे पति की हत्या कर दी। मुझे इसका डर पहले से था। मैंने अपने पति को आगाह किया था कि घर से मत निकलना। भाई की वजह से ही मैंने किराए का मकान लिया था, लेकिन ससुराल के लोग हम दोनों को जबरन घर लेकर आ गए। मेरे भाई ने तो मेरे पति को मार डाला। मैं जो कुछ कर सकती हूं, करूंगी। कोर्ट जाऊंगी, पति को न्याय दिलवाऊंगी, लेकिन सवाल ये भी है कि भाई को सजा तो मिल जाएगी, लेकिन क्या भाई को सजा होने से मेरा पति वापस आ जाएगा?” दरभंगा की गायत्री देवी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में ये बातें कही है। दरअसल, 30 साल की गायत्री ने 17 मार्च को अपने प्रेमी 27 साल के शिवशंकर ठाकुर के साथ कोलकाता में शादी की थी। पूरी खबर पढ़ें
7. कांग्रेस के 53 जिलाध्यक्षों की लिस्ट- 43 नए चेहरे
बिहार में कांग्रेस ने सोमवार को 53 जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इनमें 43 नए चेहरे शामिल हैं, जबकि 10 जिलाध्यक्षों को दोबारा मौका दिया गया है। इसकी जानकारी पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी। केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, राज्य में संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए जिलों में ऑर्गेनाइजेशनल स्ट्रक्चर को फिर से तैयार किया जा रहा है। इन नियुक्तियों को “संगठन सृजन अभियान” के तहत किया गया है। पूरी खबर पढ़ें
8. स्कॉर्पियो ने छात्रा को 50 मीटर तक घसीटा
छपरा में 2 बहनों को एक स्कॉर्पियो ने रौंद दिया। इस दौरान एक लड़की स्कॉर्पियो के अंदर फंस गई, जिसे करीब 50 मीटर तक घसीटा। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लड़कियों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक लड़की की मौत हो गई। जिसकी मौत हुई है उसका नाम खुशी कुमारी है। दूसरी लड़की अदिती का PMCH में इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बनी है।घटना रामनवमी के दिन की है। इसका CCTV मंगलवार को सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें
9. गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या, दागी बुलेट
मुजफ्फरपुर में ब्वॉयफ्रेंड ने बीच सड़क सिर में गोली मारकर गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में रेललाइन से सटे हनुमान मंदिर के पास की है। सिर में गोली मारी गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके पर अपना चप्पल छोड़क फरार हो गया। मृत लड़की की पहचान नेहा कुमारी (22) के रूप में हुई है। वो पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के दिलावरपुर निवासी वकील कुंवर की बेटी थी। नेहा बीबीगंज के आनंदपुरी में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पूरी खबर पढ़ें
10. अदालतों को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार
पटना सिविल कोर्ट, हाईकोर्ट समेत बिहार-झारखंड की अदालतों, एयरपोर्ट, शैक्षिक संस्थानों और ट्रेन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला श्रीनिवास लुईस (47) गिरफ्तार हो गया है। दिल्ली की साइबर पुलिस ने श्रीनिवास को कर्नाटक के मैसूर वृंदावन लेआउट से पकड़ा है। श्रीनिवास लॉ की पढ़ाई कर चुका है। इसने दिल्ली हाईकोर्ट के जज को भी धमकी दी थी। श्रीनिवास पर पटना समेत बिहार में 50 केस दर्ज हैं। पूरे देश में श्रीनिवास पर ई-मेल से 1100 केस हैं। उसके पास से लैपटॉप और कई इलेक्टॉनिक गैजेट बरामद किए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें

11. DRDA निदेशक के ठिकानों पर EOU की छापेमारी
सहरसा के नया बाजार के सराही मोड़ के पास किराए के मकान में रह रहे DRDA डायरेक्टर वैभव कुमार के आवास पर EOU की मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे से छापेमारी चल रही थी, जो दोपहर 3.30 बजे खत्म हो गई। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, वैभव कुमार के खिलाफ लंबे समय से भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए करीब 2 करोड़ 41 लाख 14 हजार रुपए की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। पूरी खबर पढ़ें
12. माइक्रो फाइनेंस के मैनेजर ने की खुदकुशी
भोजपुर में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एरिया ब्रांच मैनेजर ने खुदकुशी कर ली। कमरे में फंदे से लटका हुआ शव मिला है। मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के सुकना बिहार निवासी चितरंजन कुमार(26) के तौर पर हुई है। 2025 से बिहिया प्रखंड में पोस्टिंग थी। इससे पहले बिक्रम औ अरवल जिले में काम कर चुके हैं। घटना बिहिया गांव की है। चितरंजन कुमार ने पीले रंग के गमछे से पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या करने से पहले उन्होंने अपने मोबाइल को सामने छज्जे पर रखकर करीब 40 मिनट तक किसी से वीडियो कॉल पर बातचीत की। आशंका जताई जा रही है कि उसी दौरान यह खौफनाक कदम उठाया। प्रेम-प्रसंग में खुदकुशी की बात सामने आ रही है। पूरी खबर पढ़ें
13. बाइक सवार ASI को ऑटो ने मारी टक्कर
पटना में मंगलवार को ऑटो ने एएसआई को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अधिकारी हवा में उछलकर सड़क पर गिर गए और उनकी बाइक घीसटती हुई आगे चली गई। हादसे में एएसआई की वर्दी फट गई। सिर और हाथ में गंभीर चोट लगे हैं। सड़क पर गिरने के बाद एएसआई मनोज कुमार कुछ देर के लिए सड़क पर पड़े रहे। थोड़ी देर बाद जब राहगीर जुटे तो उन्हें उठाया और उन्हें पानी पिलाया। इसके बाद किसी तरह एएसआई कोतवाली थाने पहुंचे। घटना जीपीओ पुल पर हुई है। पूरी खबर पढ़ें
अब खबरें हटके…
14. नशे में धुत युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा, बरसाए घूंसे
बेगूसराय में शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया। फुलवड़िया थाना क्षेत्र में युवक ने न केवल पुलिस की डायल-112 गश्ती गाड़ी को बीच सड़क पर रोका, बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की। ड्रामा काफी देर तक बीच सड़क पर चलता रहा, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना 25 मार्च की रात करीब 9 बजे की है। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें पुलिस और शराबी युवक के बीच की झड़प साफ देखी जा सकती है। एक युवक पुलिस गाड़ी के सामने नशे में झूम रहा है। पूरी खबर पढ़ें

अब चलते-चलते एक नजर कल के मौसम पर
15. बिहार के सभी जिलों में मौसम रहेगा सामान्य
बिहार के सभी जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।