
LPG Cylinder Price Hike: नए महीने की शुरुआत महंगाई के एक और झटके के साथ हुई है। LPG गैस सिलेंडर के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। आज (1 जून) को इसमें 53 रुपये तक का इजाफा किया गया है। हालांकि, ये वृद्धि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में हुई है। 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें फिलहाल स्थिर हैं। इसके अलावा 5 किलो वाला छोटू सिलेंडर भी आज से महंगा हो गया।
दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़े हैं। तो वहीं, कोलकाता में 53.50 रुपये महंगा हो गया है।
नई दरों के अनुसार, दिल्ली में अब कमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपये में मिलेगा, जिसकी कीमत पहले 3,071.50 रुपये थी। वहीं, कोलकाता में इसके दाम 3,202 रुपये से बढ़कर 3,255.50 रुपये हो गए है।
5 किलो वाले सिलेंडर के दाम कितने बढ़े?
इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले FTL (फ्री ट्रेड LPG) सिलेंडरों की कीमतों में 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब इसकी कीमत 821.50 रुपये होगी। पहले ये 810.50 रुपये में मिल रहा था।
कमर्शियल गैस सिलेंडर लगातार महंगा हो रहा है। इससे पहले पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 1 हजार रुपये का बड़ा इजाफा हुआ था। दिल्ली-मुंबई में इसकी कीमत 993 रुपये तक बढ़ गई थी। अप्रैल 2026 को कमर्शियल सिलेंडर दिल्ली में 195 रुपये, कोलकाता में 218 रुपये महंगा हुआ था। 7 मार्च 2026 को भी इसके दाम बढ़े थे।
कितने में मिल रहा रसोई गैस सिलेंडर?
बात घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों की करें तो इसके दाम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। 14.2 किलोग्राम वाला रसोई गैस सिलेंडर आपको पुरानी कीमतों पर ही मिलेगा। इसकी कीमतें आखिरी बार 7 मार्च 2026 को बढ़ी थी। तब इसमें 60 रुपये का इजाफा हुआ था। दिल्ली में यह 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये में मिल रहा है।