
Delhi Weather: शनिवार (21 मार्च) सुबह दिल्ली में घने कोहरे और ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास करवाया। क्योंकि न्यूनतम तापमान भी गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम था। मौसम विभाग के मुताबिक यह मार्च के पिछले 6 सालों में सबसे ठंडा दिन साबित हुआ।
शुक्रवार को हुई 7 मिलीमीटर बारिश ने हवा साफ कर दी। सुबह 8 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 94 तक दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। CPCB के मुताबिक AQI 93 तक पहुंच गया। यानी करीब 5 महीने बाद दिल्लीवासियों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला। इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को AQI 99 था।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के मुताबिक, शनिवार को आज दिल्ली में सुबह 14 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, मार्च महीने में अब तक 16.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो 2023 के बाद सबसे ज्यादा है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर शुक्रवार को अधिकतम तापमान मात्र 21.7 डिग्री दर्ज हुआ, जो मार्च में कई सालों बाद सबसे कम रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार को हल्की बारिश की संभावना है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही सुहावना बना रहेगा। दिल्ली-NCR वाले कुछ दिन ठंड और बेहतर हवा का लुत्फ उठा पाएंगे।
17 राज्यों में बारिश-आंधी और ओले गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि आज भी (21 मार्च) उत्तर, पूर्व और मध्य भारत में बारिश-आंधी का सिलसिला जारी रहने वाला है। IMD के मुताबिक स्कैटर्ड थंडरस्टॉर्म (Scattered Thunderstorms) यानी छिटपुट गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना भी है।
मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत 17 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। आकाशीय बिजली का भी खतरा है।