
Datia news: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक ऐसा चौंकाने वाला फैसला लिया है, जिसने सियासी पारा चढ़ा दिया। पार्टी आलाकमान ने इस सीट से कद्दावर नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का पत्ता साफ कर दिया है। उनकी जगह आशुतोष तिवारी को दतिया से अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
हाईवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम
बीजेपी के इस फैसले से पूर्व गृह मंत्री के समर्थकों में भारी गुस्सा देखने को मिला। नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से नाराज सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतर आए। उग्र समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया। हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इस विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस पर भारी पथराव भी किया गया, जिसमें दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी समेत 6 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए।
दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल के अनुसार, कल शाम 6 बजे से ही करीब 3,000 प्रदर्शनकारी इकट्ठे हो गए थे। भीड़ ने जबरन बाजार बंद कराए और नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 15 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। प्रशासन की बार-बार समझाइश के बाद भी लोग नहीं माने और सुबह करीब 4 बजे उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
एसपी ने बताया, “माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे भीड़ और भड़क गई और पथराव तेज कर दिया। इस हमले में मुझे, एडिशनल एसपी और 6 से ज्यादा जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दोबारा आंसू गैस छोड़ी और बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य को सरेंडर करने की चेतावनी दी गई है।”
पूरी जिला कार्यकारिणी का इस्तीफा
टिकट कटने से नाराज समर्थकों का यह असंतोष केवल सड़कों तक ही सीमित नहीं रहा। इसने संगठनात्मक बगावत का रूप ले लिया है। बीजेपी जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह समेत पूरी जिला कार्यकारिणी ने अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। समर्थकों ने पार्टी आलाकमान के फैसले को ‘एकतरफा’ बताया।
यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की कोर्ट द्वारा 3 साल की सजा सुनाए जाने और अयोग्य घोषित किए जाने के बाद खाली हुई है। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने ही नरोत्तम मिश्रा को करीब 7,500 वोटों से हराया था।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होना है, जबकि इसके नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है।