
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने कहा है कि पारिवारिक कारणों से मैं विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं। मैं पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर निष्ठापूर्वक सेवा करता रहूंगा।
आपको बता दें कि बांकीपुर सीट से बीजेपी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए BJP उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने अपने नामांकन भरने पर कहा था, “आज बांकीपुर की जनता की जीत है। मुझे मौका मिला है। मैं जनता और कार्यकर्ताओं के बीच रहूंगा। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यहां जो काम किया है, उस काम को हमें आगे बढ़ाना है और एक नई लकीर बांकीपुर में खींचनी है।’
आपको बता दें कि इसी सीट से जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अपना सियासी डेब्यू करने के लिए तैयार हैं, जिसके चलते उपचुनाव और भी अधिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
अभिषेक बंटी ने कहा, “मैंने अभी-अभी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को एक पत्र सौंपा है, जिसे मैं अब आपके सामने पढ़कर सुना रहा हूं। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए NDA उम्मीदवार के तौर पर चुना था। इसके लिए मैं केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। मैं विनम्रतापूर्वक आपको बताना चाहता हूं कि पारिवारिक कारणों से मैं विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पाऊंगा। मैं एक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर निष्ठापूर्वक सेवा करता रहूंगा।”