Newswahni

सम्राट चौधरी कल सुबह लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ राज्यपाल से मिलकर किया सरकार बनाने का दावा पेश कौन होगा डिप्टी सीएम…



Bihar New CM Samrat Choudhary: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। दशकों तक किंगमेकर की भूमिका निभाने वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब बिहार में पहली बार ‘किंग’ की भूमिका में आ गई है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी को निर्विरोध नेता चुन लिया गया है। इसके मद्देनजर, चौधरी ने राजभवन जाकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। 

कल सुबह 11 बजे लोकभवन में शपथ ग्रहण

पार्टी सूत्रों और आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सम्राट चौधरी बुधवार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे पटना के लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ नई मंत्रिपरिषद के कुछ अन्य सदस्य भी शपथ ले सकते हैं। इस समारोह में BJP के कई केंद्रीय दिग्गज और NDA के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

नीतीश कुमार ने छोड़ी कुर्सी 

इससे पहले आज दोपहर करीब 3:15 बजे नीतीश कुमार ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा।” 

दिलचस्प बात यह रही कि NDA की बैठक में खुद नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा और उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। सम्राट चौधरी ने भी पैर छूकर नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया और कहा कि उन्होंने नीतीश जी से ही राजनीति सीखी है।

आज के बड़े घटनाक्रम

  • सुबह 11:00 बजे: नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई, जिसमें धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।
  • दोपहर 2:30 बजे: बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन और सम्राट चौधरी सीएम हाउस पहुंचे।
  • दोपहर 3:15 बजे: नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा।
  • शाम 4:00 बजे: बीजेपी विधायक दल की बैठक में शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया।
  • शाम 5:30 बजे: सम्राट चौधरी ने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

कौन होगा डिप्टी सीएम?

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब सबकी नजरें डिप्टी सीएम (Deputy CM) के पद पर टिकी हैं। चर्चा है कि BJP के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा को फिर से यह जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके अलावा, नीतीश कुमार के बेटे और जदयू नेता निशांत कुमार का नाम भी डिप्टी सीएम की रेस में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।

सम्राट चौधरी ने जताया आभार

विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्राट चौधरी ने भी पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा समेत शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ के सपने को और ऊंचाई पर ले जाना है।

कैबिनेट की आखिरी बैठक के दौरान माहौल काफी भावुक रहा। पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव नीतीश कुमार के सामने अपनी आंखें पोंछते दिखे। नीतीश ने मंत्रियों से कहा कि 2005 से अब तक उन्होंने बिहार के विकास के लिए जो बन पड़ा, वह किया और आगे भी नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

ये भी पढ़ें:  BREAKING: छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा, वेदांता पावर प्लांट में विस्फोट, बॉयलर फटने से 9 लोगों की मौत; कई जख्मी



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top