नवादा में बिहार दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
.
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार अपना 114वां स्थापना दिवस मना रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे न केवल अपने परिवार या विद्यालय का, बल्कि पूरे बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं।

कार्यक्रम में प्रस्तुति देतीं छात्राएं।
जिला पदाधिकारी ने आगे कहा कि हम जहाँ भी रहते हैं चाहे बिहार में हों, देश के अन्य भागों में या विदेश में हम अपने राज्य के ‘ब्रांड एंबेसडर’ होते हैं। हमारा आचरण, हमारे कार्य और हमारी उपलब्धियाँ बिहार की छवि को प्रदर्शित करती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके प्रत्येक प्रयास में बिहार का उज्ज्वल भविष्य निहित है और वे अपने भविष्य का निर्माण करते हुए राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश व अन्य अधिकारी।
इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चयनित शिक्षकों को जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्थापना प्रभारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रभारी सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।