पटना7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पटना के गांधी मैदान में आज से चार दिवसीय एग्रो बिहार-2026 राज्यस्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला शुरू हो गया।
12 से 15 मार्च तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने किया।
कृषि मंत्री ने कहा, यह आयोजन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत मशीनों और नई खेती पद्धतियों से परिचित कराने का बड़ा मंच बनेगा। इससे किसानों को खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

सरकार की कृषि यांत्रिकरण योजना के बारे में भी जानकारी दी गई।
3.25 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में लगा विशाल मेला
कृषि मंत्री ने बताया कि लगभग 3.25 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में आयोजित इस मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर देश-भर की कंपनियां और संस्थान आधुनिक कृषि यंत्रों, उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस मेले में बिहार के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कृषि यंत्र निर्माता भी हिस्सा ले रहे हैं।
यहां किसान ट्रैक्टर से जुड़े उपकरण, उन्नत बीज बोने की मशीन, हैप्पी सीडर, पावर टिलर, हार्वेस्टर, स्प्रे मशीन और कृषि ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों को नजदीक से देख सकेंगे।

ट्रैक्टर पर बैठे कृषि मंत्री रामकृपाल यादव।
91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान
मेले में किसानों को सरकार की कृषि यांत्रिकरण योजना के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत 91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस साल से अनुदान की राशि सीधे लाभुक किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है। किसान यंत्रवार अनुदान की जानकारी विभागीय वेबसाइट, बिहार कृषि मोबाइल एप, जिला कृषि कार्यालय, प्रखंड कृषि कार्यालय या कृषि समन्वयक से प्राप्त कर सकते हैं।

सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के किसानों के लिए अधिक अनुदान का विशेष प्रावधान किया है। वहीं 20 हजार रुपये या उससे कम अनुदान वाले कृषि यंत्रों पर निबंधित गैर-रैयत किसान भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
किसान पाठशाला में दी जाएगी आधुनिक खेती की जानकारी
मेले में विशेष रूप से किसान पाठशाला का आयोजन किया गया है, जहां कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक यंत्रों के उपयोग और बेहतर खेती पद्धति की जानकारी देंगे।
इसके अलावा राज्य के सभी कृषि महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी इस मेले का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि उन्हें आधुनिक कृषि उपकरणों और तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान मिल सके।

मेले का उद्घाटन बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने किया।
विभागों की योजनाओं की भी दी जा रही जानकारी
इस मेले में केवल कृषि यंत्र ही नहीं बल्कि कई विभाग भी अपने स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। इनमें खाद्य प्रसंस्करण, पशु एवं मत्स्य संसाधन, गन्ना उद्योग, उद्योग विभाग, सहकारिता विभाग तथा कॉम्फेड शामिल हैं। किसानों को इन विभागों की योजनाओं, सब्सिडी और सरकारी सहायता से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
