Newswahni

Begusarai Storm Havoc | Transformer Down, BSNL Tower Collapsed, Power Outage


बेगूसराय में आज दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने पूरे जिले में जमकर कहर बरपाया है। महज 15-20 मिनट के इस प्राकृतिक आपदा ने जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

.

शहर के मुख्य मार्गों से लेकर प्रखंडों तक तबाही का मंजर साफ देखा जा सकता है। हर तरफ पेड़, बिजली के खंभे और मलबे बिखरे पड़े हैं। आंधी का सबसे खौफनाक मंजर जीडी कॉलेज के पास पीपरा रोड में देखने को मिला। यहां तेज हवाओं के झोंके के कारण एक बिजली का ट्रांसफार्मर पोल सहित गिर गया।

ध्वस्त मोबाइल टावर।

ध्वस्त मोबाइल टावर।

ऑटो पूरी तरह से पचक कर क्षतिग्रस्त हुआ

ट्रांसफार्मर सड़क से गुजर रहे एक चलते ऑटो पर जा गिरा। ट्रांसफार्मर गिरते ही जोरदार आवाज हुई और ऑटो पूरी तरह से पचक कर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ऑटो ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई और फुर्ती से कूदकर अपनी जान बचाई। ड्राइवर इस हादसे में बाल-बाल बच गया‌।

जिसे देखकर स्थानीय लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं। अगर ऑटो में सवारियां बैठी होती तो एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था। इस आंधी का सबसे बड़ा ढांचागत नुकसान मटिहानी प्रखंड के सिहमा गांव में देखने को मिला। यहां आंधी की रफ्तार से BSNL का एक मोबाइल टावर धराशाई हो गया।

सड़क पर गिरा ट्रांसफार्मर।

सड़क पर गिरा ट्रांसफार्मर।

टावर गिरने से आसपास के इलाकों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार टावर गिरते समय तेज आवाज हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिला मुख्यालय और मटिहानी प्रखंड क्षेत्र को मिलाकर 20 से अधिक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गए।

गाड़ी का परिचालन पूरी तरह से बंद हुआ

इसके कारण जिले की जीवन रेखा मानी जाने वाली कई मुख्य सड़कों पर गाड़ी का परिचालन पूरी तरह से बंद हो गया है। विशेष रूप से रतनपुर, पसपुरा, पानगाछी रोड, गुप्ता-लखमीनियां बांध आदि सड़कों पर पेड़ों के गिरने से यातायात ठप है। लोगों को रूट बदलकर जाना पड़ रहा है।

सड़क पर गिरा पेड़।

सड़क पर गिरा पेड़।

आंधी-पानी ने बिजली विभाग को सबसे करारा झटका दिया है। जिले के अलग-अलग इलाकों में 50 से अधिक जगहों पर हाई-वोल्टेज और बिजली के तार टूट गए, जबकि दर्जनों पोल उखड़ गए हैं। तार-पोल ध्वस्त होने के कारण जिला मुख्यालय और आसपास के प्रखंडों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है।

आंधी और बारिश कम होते ही स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की टीमें तुरंत एक्शन मोड में आ गई। नगर निगम की ओर से JCB मशीन को काम पर लगाया गया है। सड़कों के बीचोबीच गिरे बड़े पेड़ों को काटकर हटाया जा रहा है। जिससे यातायात को जल्द से जल्द सुचारू रूप से चालू करवाया जा सके।

घर से उड़कर तार पर अटका चदरा।

घर से उड़कर तार पर अटका चदरा।

बिजली विभाग के इंजीनियर और लाइनमैन की टीमें भी भारी बारिश के बाद भी जमीन पर डटी हुई है। विभाग का कहना है कि टूटे हुए तारों को जोड़ने और गिरे हुए पोल को बदलने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। प्राथमिकता के आधार पर पहले अस्पतालों और मुख्य फीडरों की बिजली बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

तीन लोग हुए जख्मी

आंधी के दौरान पेड़ की चपेट में आने से तीन अलग-अलग जगहों पर तीन लोग घायल हो गए। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हीराटोल के पास पेड़ की चपेट में आने से पंचवीर गांव के रहने वाले मोहम्मद मिजान और साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में बहलोरिया गांव के रहने वाले टुनटुन शर्मा घायल हो गए।

दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। जबकि नावकोठी थाना क्षेत्र के गौरीपुर गांव में तेज हवा के दौरान फूस के घर पर पेड़ गिर गया। हादसे के कारण घर के अंदर मौजूद रामउदय रजक की पत्नी काजो देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को ग्रामीणों की सहायता से इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top