![]()
कोंच प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। एक महीने के पवित्र रमजान के रोजों के बाद शुक्रवार शाम चांद का दीदार होते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। शनिवार को प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में ईद की नमाज अदा की गई। कोंच, आंती, देवरा, उसास, शाहगंज भाम और मड़ुका ढिबरी सहित कई इलाकों में सुबह से ही त्योहार को लेकर चहल-पहल रही। नए कपड़ों में सजे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने ईदगाहों और मस्जिदों में जाकर देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट था। कोंच थानाध्यक्ष सुदेह कुमार और आंती थानाध्यक्ष दीपक कुमार राव ने बताया कि सभी संवेदनशील चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के कारण पूरा पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। स्थानीय निवासियों अतहर अली, नाजिर हुसैन और मोहम्मद कमाल ने ईद को एक माह की कठिन इबादत और सब्र के बाद आने वाला खुशियों का त्योहार बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है। इस अवसर पर कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी शिरकत की। इनमें राजद नेता सरफराज अहमद, तीनेरी सरपंच साहु, सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद जमीलुर रहमान और जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता मोहब्बत हैदर सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे। सभी नेताओं ने क्षेत्रवासियों को ईद की बधाई दी।
Source link