![]()
जमुई के गिद्धौर प्रखंड स्थित राष्ट्र राइस मिल में एक मजदूर की मौत का मामला सामने आया है। 21 फरवरी को काम के दौरान खौलते पानी से झुलसने के बाद मजदूर रुपेश कुमार की 26 फरवरी को इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रुपेश कुमार मिल के ड्राई सेक्शन में काम कर रहे थे, तभी अचानक खौलते पानी की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। मिल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। मजदूरों को न तो सुरक्षा किट उपलब्ध कराई गई थी और न ही बचाव के कोई अन्य उपाय मौजूद थे। नाजुक स्थिति देखते हुए पीएमसीएच रेफर गंभीर हालत में रुपेश को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया था। हालांकि, 26 फरवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने तब कानूनी मोड़ लिया, जब मृतक की पत्नी गीतांजलि कुमारी ने 12 मार्च को गिद्धौर थाना में फर्द बयान दर्ज कराया। उन्होंने मिल मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के मजदूरों से काम कराया जा रहा था, जिसके कारण उनके पति की जान चली गई। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ठोस कार्रवाई के अभाव में परिजनों का आक्रोश लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई के अभाव में परिजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े कर रहा है। यह घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। बल्कि उस व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़ा करती है, जहां मजदूरों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर दिया जाता है। अब देखना यह होगा कि रुपेश कुमार को इंसाफ मिल पाता है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह कागजों में सिमट कर रह जाएगा।
Source link