![]()
दीपावली की रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में एडमिट कराया गया है। घटना सिंघौल थाना क्षेत्र स्थित बागवाड़ा चौक की है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो युवकों को बेरहमी से रौंद दिया। मृतक की पहचान बगवाड़ा गांव के वार्ड नंबर-4 के रहने वाले रोहित पासवान के पुत्र अनुराग कुमार उर्फ बिहारी (22) के रूप में हुई है। अनुराग बाहर रहकर मजदूरी और राजमिस्त्री के साथ हेल्पर का काम करता था। दीपावली और छठ को लेकर घर लौटा था अनुराग दीपावली और छठ पर्व की खुशियां अपने परिवार के साथ मनाने के लिए वह हाल ही में घर लौटा था। दीपावली की शाम पूरा गांव दीपों की रोशनी से जगमगा रहा था और हर तरफ जश्न का माहौल था। अनुराग भी चौक पर घर का कुछ जरूरी सामान लेने निकला था। बगवाड़ा चौक के पास जैसे ही अनुराग और उसका साथी शैलेश कुमार पहुंचे, तभी अज्ञात अनियंत्रित गाड़ी ने दोनों को सीधी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों 20-25 फीट दूर जाकर गिरे और ड्राइवर वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टर ने अनुराग को मृत बताया आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत दोनों घायलों को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद अनुराग कुमार को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक खून बह जाने और अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हुई। पड़ोसी अनिल पासवान ने बताया कि अनुराग की शादी 15 महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद हादसे में पति की मौत के बाद नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद दयनीय है। अनुराग के पिता बीमार रहते हैं और अनुराग ही पूरे घर का एकमात्र कमाऊ सहारा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सदर अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, दूसरे घायल युवक सोनेलाल साह के पुत्र शैलेश कुमार को गंभीर हालत में इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अनुराग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान के लिए बागवाड़ा चौक एवं आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। दीपावली की रात घटे इस दर्दनाक हादसे से पूरे बागवाड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है।
Source link