![]()
छठ महापर्व और आगामी त्योहारों को देखते हुए शनिवार को समाहरणालय सभागार में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में छठ घाटों की तैयारी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और दूसरे राज्यों से घर लौटने वाले प्रवासियों की सुविधा को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। घाटों पर चेंजिंग रूम, रोशनी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सभी छठ घाटों पर समय से साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। घाटों पर चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था करने को कहा। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर किसी तरह का अवरोध नहीं होना चाहिए। बिजली विभाग को घाटों और वहां तक जाने वाले रास्तों पर ढीले तारों को तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया गया। केवल सुरक्षित नावों को मिलेगी चलाने की अनुमति डीएम ने नावों के पंजीकरण और उनकी स्थिति की जांच कराने को कहा। केवल सुरक्षित और चलने योग्य नावों को ही परिचालन की अनुमति मिलेगी। अनुपयुक्त नावों के चलने पर रोक रहेगी। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास भीड़ नियंत्रित करने की तैयारी करने के साथ शहर में बस परिचालन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। संवेदनशील घाटों पर वॉच टावर, एसडीआरएफ की टीम रहेगी तैनात एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि दूसरे राज्यों से घर लौटने वाले प्रवासियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विशेष तैयारी कर रही है। रेलवे स्टेशन और प्रमुख रास्तों पर विशेष पेट्रोलिंग होगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। संवेदनशील छठ घाटों पर वॉच टावर लगाने और एसडीआरएफ की टीम तैनात रखने की तैयारी है। सीढ़ी घाट, साहू पोखर समेत अन्य प्रमुख घाटों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। घाटों पर तेज आवाज में डीजे बजाने से बचने की अपील एसएसपी ने कहा कि घाटों पर अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने से पब्लिक एड्रेस सिस्टम प्रभावित होता है। इससे आपात स्थिति में मदद मांगने वाले लोगों की आवाज सुनाई नहीं देती। इसलिए घाटों पर अनावश्यक शोर से बचने की जरूरत है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की, ताकि डूबने की घटनाओं को रोका जा सके। इसके अलावा दीये और पटाखे जलाने के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए शहर के साथ मीनापुर, कांटी और सकरा जैसे इलाकों में भी पुलिस टीमों को अलर्ट रखा जाएगा। अधिकारियों को आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
Source link