![]()
अतरी विधायक रोमित कुमार ने शनिवार को गया स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मोकामा विधायक अनंत सिंह के 400 गाड़ियों के काफिले के साथ काशी पहुंचने और पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल होने पर प्रतिक्रिया दी। अनंत सिंह के काफिले पर टिप्पणी से किया परहेज अनंत सिंह के 400 गाड़ियों के काफिले के साथ काशी पहुंचने के सवाल पर रोमित कुमार ने कहा कि नेता स्वतंत्र हैं और उनके समर्थक भी अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं। कोई नेता 400 या 500 गाड़ियों के काफिले के साथ कहीं जाता है, तो उन्हें इस पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं लगती। काम्या मिश्रा के राजनीति में आने का किया स्वागत पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा के जदयू में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए वह लोगों की मदद कर रही थीं। अब राजनीति में आने के बाद उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जनता की सेवा करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा और राजनीति, दोनों ही जनता की सेवा के अलग-अलग माध्यम हैं। काम्या मिश्रा के जदयू में आने से पार्टी को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने उन्हें नई राजनीतिक पारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं। अतरी की जनता के विश्वास और समर्थन के लिए जताया आभार बातचीत के दौरान विधायक ने दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए अतरी विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में लोगों ने उन पर विश्वास जताया और अपना समर्थन व सहयोग दिया। इसके लिए वह क्षेत्र की जनता के हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का पर्व है। यह जीवन में सकारात्मकता, उम्मीद और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। उनकी कामना है कि लोगों के जीवन से दुख, कष्ट और परेशानियां दूर हों तथा हर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आए। छठ बिहार की गौरवशाली संस्कृति और वैश्विक पहचान छठ महापर्व की महत्ता पर रोमित कुमार ने कहा कि छठ सनातन संस्कृति के सबसे महत्वपूर्ण पर्वों में से एक है। यह बिहार की गौरवशाली पहचान है। आज बिहार को देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में छठ पर्व के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति की विशेषता है कि हम केवल उगते सूर्य को ही प्रणाम नहीं करते, बल्कि डूबते सूर्य को भी अर्घ्य देकर सम्मान करते हैं। यह हमारी संस्कृति की उदारता और कृतज्ञता को दर्शाता है। हम आने वाले भविष्य के साथ अपने पूर्वजों और अतीत को भी महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि गया की धरती पितरों के पिंडदान और मोक्ष की कामना के लिए विश्वविख्यात है। यहां लोग अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान और तर्पण करते हैं। दीपावली और छठ दोनों पर्व सनातन संस्कृति के मूल संदेश को प्रदर्शित करते हैं। ये पर्व सभी को साथ लेकर चलने, पूर्वजों का सम्मान करने और समाज में प्रेम, सद्भाव व भाईचारा बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।
Source link